Ganesh Chaturthi Mahotsav: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार को राजधानी रांची के विभिन्न गणेश पूजा पंडालों में पहुंचकर गणेश महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री गणेश की महाआरती में शामिल होकर झारखंड के चहुंमुखी विकास, प्रगति और राज्यवासियों के उत्थान की कामना की।
वित्त मंत्री ने भगवान गणेश से राज्य में सुख-समृद्धि, शांति और विकास के साथ-साथ आम लोगों के कल्याण की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और उनके आशीर्वाद से झारखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, यही कामना है।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रांची के अमर क्लब गणेश पूजा कमिटी, हिनू, डोरंडा गणेश पूजा समिति, न्यू आदर्श पूजा कमिटी, कटहल कोचा, डोरंडा तथा सेक्टर-2 गणेश पूजा कमेटी के पूजा पंडालों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सभी पूजा पंडालों के मुख्य कन्वीनर एवं प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बिनय सिन्हा ‘दीपू’ भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और बिनय सिन्हा ‘दीपू’ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर पूजा महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र प्रधान, सोनू सिंह, कुंदन सिंह, शंभू गुप्ता, अमित गुप्ता, विजय नायक, पल्पी ओझा, जॉय चक्रवर्ती, कमल ठाकुर, विशाल सिंह, गौरव झा और उदय यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा दिलीप शर्मा तथा विभिन्न गणेश पूजा समितियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूजा समितियों और श्रद्धालुओं ने वित्त मंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
गणेश महोत्सव के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
