Jharkhand Athlete Anup Kumar: झारखंड के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है।
JSSPS खेलगांव के पहलवान अनूप कुमार ने 45 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ISF U-18 World School Games 2026 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।
वर्ल्ड स्कूल गेम्स का आयोजन 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जनेरियो, ब्राजील में किया जाएगा।
अनूप कुमार का चयन झारखंड के स्कूली खेलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रायपुर ट्रायल में शानदार प्रदर्शन
अनूप ने 19 से 21 सितंबर तक रायपुर में आयोजित चयन ट्रायल में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने 45 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में जगह बनाई।
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अनुसार, अनूप कुमार झारखंड से किसी भी खेल में वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए चयनित होने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है।
प्रियंका और अंकुश ने भी किया शानदार प्रदर्शन
रायपुर में हुए चयन ट्रायल में झारखंड के अन्य खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
- प्रियंका कुमारी- 40 किग्रा फ्रीस्टाइल, JSSPS खेलगांव- द्वितीय स्थान
- अंकुश कुमार- 55 किग्रा फ्रीस्टाइल, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस झारखंड- तृतीय स्थान
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भी झारखंड की कुश्ती प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से सामने रखा।
खेल जगत ने अनूप को दी बधाई
अनूप कुमार के ऐतिहासिक चयन पर झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशि रंजन ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने इसे झारखंड के स्कूली खेलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अनूप कुमार का यह चयन न सिर्फ उनके व्यक्तिगत खेल करियर की बड़ी उपलब्धि है।
बल्कि झारखंड के युवा पहलवानों के लिए भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की नई उम्मीद लेकर आया है।
दिसंबर में ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स में अब झारखंड की नजरें अनूप के प्रदर्शन पर रहेंगी।
