वेदटाइम्स.कॉम | खेल डेस्क
Navyuvak Sangh Hockey Championship: सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत लट्ठाखम्महन खेल मैदान में आयोजित 38वीं नवयुवक संघ हॉकी चैंपियनशिप महिला एवं पुरुष के पांचवें दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत महिला वर्ग में 8 और पुरुष वर्ग में 5 मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज होगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन नवयुवक संघ हॉकी एसोसिएशन एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है।
पांचवें दिन के मुकाबलों का शुभारंभ हॉकी सिमडेगा के तकनीकी सदस्य तलीन तिग्गा, पूर्व कबड्डी खिलाड़ी प्रतिभा तिग्गा और वार्ड पार्षद रॉबिन कीड़ों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
महिला वर्ग में संगम क्लब और रेंगारी की शानदार जीत
महिला वर्ग में संगम क्लब ने कुड़पानी भोक्ता एकादश को 5-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की।
रेंगारी की टीम ने लट्ठाखम्महन को 7-0 से पराजित किया, जबकि 11 सिस्टर ने टैंसर को 2-0 से शिकस्त दी।
लम्बोई ने कुंजनगर को 2-0 से हराया।
अन्य मुकाबलों में 11 सिस्टर ने कुड़पानी भोक्ता एकादश को 4-0 से पराजित किया।
कुंजनगर ने रेंगारी को 1-0 से हराकर जीत हासिल की, जबकि लम्बोई ने लट्ठाखम्महन को 2-0 से शिकस्त दी।
वहीं, संगम क्लब और टैंसर के बीच मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ।
महिला वर्ग के मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
अब सभी की निगाहें आज होने वाले फाइनल पर टिकी हैं।
पुरुष वर्ग में कुड़पानी, रायबेड़ा और पाकरटांड़ ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग में कुड़पानी की टीम ने आसनबेड़ा को 1-0 से हराया।
रायबेड़ा (रेंगारी) ने ओडिशा की रूणगा टीम को 2-0 से पराजित किया, जबकि ओडिशा की मझाफरा टीम ने ठेठईटांगर को 1-0 से शिकस्त दी।
अन्य मुकाबलों में पाकरटांड़ ने छोटू क्लब रायबेड़ा को 2-1 से हराया।
वहीं, पैकपारा की टीम ने पहाड़सारा को 2-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।
पुरुष वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिताबी मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह है।
तकनीकी संचालन में इनकी रही भूमिका
प्रतियोगिता के पांचवें दिन मैचों के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी बसंत बा, रोहित बेसरा, कुनूल भेंगरा, करिश्मा परवार, पैन्क्रियूस टोप्पो, राहुल मिंज, रीना कुमारी, तलीन तिग्गा, मुकुट डुंगडुंग और ऐल्शन कीड़ों ने संभाली।
अब मंगलवार को महिला एवं पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके साथ ही छह दिनों तक चली इस हॉकी चैंपियनशिप का समापन होगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने वाली यह प्रतियोगिता क्षेत्र में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Vedtimes.com | News Beyond Boundaries
