Jharkhand Chief Minister donated blood: झारखंड विधानसभा परिसर स्थित विधानसभा औषधालय में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर (Blood Donation Camp) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रक्तदान करते हुए शिविर का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने रक्तदान को एक महान मानवीय कार्य बताते हुए कहा कि यह ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे अनेक जरूरतमंदों को नया जीवन प्राप्त होता है।
उन्होंने विधानसभा के सभी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही, समाज के प्रत्येक वर्ग से रक्तदान के महत्व को समझने और इसे नियमित रूप से अपनाने की अपील की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, सरकार के कई मंत्री और विधायकों के अलावा विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्पीकर, मंत्री और विधायकों ने किया रक्तदान
सीएम हेमंत के बाद स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो, मंत्री दीपिका पांडे सिंह और कई विधायकों ने भी रक्तदान किया। साथ ही विधानसभा सचिवालय के कई कर्मियों ने भी रक्तदान कर इस आयोजन को सफल बनाया।
इस मौके पर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यह महादान है जिसके माध्यम से किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि खून की कमी की वजह से जान गंवाने वाले लोगों के लिए जरूर रक्तदान करना चाहिए। खून किसी लैब में नहीं बनता है बल्कि आदमी के शरीर में रहता है जिसे हर छह महीने पर डोनेट किया जाये तो शरीर के लिए फायदेमंद होता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ महिला-पुरुष को रक्तदान करना चाहिए। रक्त की कमी से प्रत्येक साल न जाने कितने लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पता है। सड़क दुर्घटना हो या कोई अन्य गंभीर बीमारी से हजारों लोगों की समय जान चली जाती है। रक्तदान करना बहुत जरूरी है और प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए।
इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में रक्त की कोई कमी नहीं होती है। हर 6 माह में आप रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि रक्त की कमी के कारण से कई लोग परेशान होते हैं ऐसे में रक्तदान जरूर करना चाहिए जिससे विपरीत परिस्थिति में किसी की जान बच सके।
