Jharkhand hockey: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर झारखंड के हॉकी प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई।
ओमान में होने वाली आगामी यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप की तैयारी के लिए आयोजित भारतीय अंडर-18 पुरुष एवं महिला टीमों के राष्ट्रीय कोचिंग कैंप हेतु खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है।
जिसमें झारखंड के कुल 6 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है।
इस उपलब्धि से पूरे झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
महिला वर्ग में झारखंड की मजबूत उपस्थिति
रांची में 1 अप्रैल से 12 अप्रैल तक 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था।
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पूरे देश से 15 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए किया गया है।
इनमें झारखंड की 5 खिलाड़ियों को स्थान मिला है।
झारखंड से पुष्पा माझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो और खिली कुमारी का चयन किया गया है।
महिला टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप 5 जुलाई से 18 जुलाई तक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल (मध्य प्रदेश) में आयोजित होगा।
इसके बाद अंतिम चयन ट्रायल के माध्यम से भारतीय टीम का गठन किया जाएगा।
यह कैंप 20 से 25 जुलाई तक ओमान में आयोजित होने वाली महिला यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप की तैयारी के लिए आयोजित किया जा रहा है।
पुरुष वर्ग में आशीष तानी पूर्ति को मिला मौका
1 से 12 अप्रैल 2026 तक राजगीर (बिहार) में 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था।
इसके आधार पर पूरे देश से 15 पुरूष खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए किया गया है।
इस कैंप में झारखंड से आशीष तानी पूर्ति का चयन किया गया है।
पुरुष वर्ग का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप 5 जुलाई से 18 जुलाई तक पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित होगा।
यह कैंप भी ओमान में होने वाली पुरुष यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप 2026 की तैयारी के लिए आयोजित किया जा रहा है।
ओलंपिक दिवस पर झारखंड के लिए गौरव का क्षण
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर झारखंड के 6 खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-18 राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए चयन राज्य की समृद्ध हॉकी परंपरा, प्रतिभा और जमीनी स्तर पर किए जा रहे उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमाण है।
हॉकी झारखंड एवं खेल विभाग झारखंड सरकार के समस्त पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई के साथ शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे है राष्ट्रीय कैंप में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में स्थान बनाएंगे तथा देश और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन करेंगे।
