Durand Cup 2026: डूरंड कप 2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची तैयार है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्था का जायजा लिया।
मैच के भव्य आयोजन को देखते हुए राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था भी बदल दी गयी है।
किन्हें मिलेगी स्टेडियम में इंट्री?
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम में केवल वैध टिकट अथवा अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
बिना टिकट अथवा बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति का स्टेडियम में प्रवेश वर्जित है।
दर्शकों से अपील की गई है कि वे अपने टिकट अथवा पास के साथ समय पर स्टेडियम पहुंचे तथा सुरक्षा जांच एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
बदलेगी राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था
रांची ट्रैफिक पुलिस ने डुरंड कप में वाहनों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की है।
वहीं आम लोगों से ट्रैफिक को देखते हुए सुरक्षित रूटों से निकलने की अपील की गयी है।
रांची विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है।
टीआरआई मैदान और आर्मी मैदान में भी पार्किंग की व्यवस्था की गयी है।
वीआईपी पास वाले लोग और मीडिया के लिए मोराबादी के परेड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी फुटबॉल प्रेमियों एवं दर्शकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आयोजन का हिस्सा बनें तथा डूरंड कप 2026 को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
