Asian Lawn Ball champion players: एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन करने वाले झारखंड के विजेता खिलाड़ियों ने राज्य के खेल सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान कोच मधुकांत पाठक भी मौजूद रहे।
मुलाकात करने वाले खिलाड़ियों में दिनेश महतो, सुनील बहादुर, रेशमा कुमारी और बसंती शामिल रहे।
खेल सचिव ने सभी खिलाड़ियों की जमकर सराहना की और कहा कि सभी खेल संघों के साथ वे जल्द बैठक करेंगे।
लॉन बॉल्स को लेकर हुई चर्चा के बाद उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में भी ग्राउंड के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस खेल में झारखंड में काफी प्रतिभाएं है और यहां के खिलाड़ी समय-समय पर झारखंड और देश के लिए काफी मेडल लेकर आए हैं।
कई खिलाड़ियों को सरकार ने नौकरी भी दिया है।
खेल सचिव ने खिलाड़ियों को कहा कि अगर किसी भी तरह की परेशानी हो तो वे लोग सीधा उनसे संपर्क कर सकते हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली में संपन्न हुए 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप में भारत को दोहरा स्वर्ण पदक मिला था। भारत ने मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। पुरुष वर्ग के फोर्स स्पर्धा में झारखंड के दिनेश महतो और सुनील बहादुर ने फाइनल में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
महिला खिलाड़ियों में रेशमा ने रजत और कांस्य और बसंती ने स्वर्ण पदक जीता था।
