Khelo India Asmita League: भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता नेशनल ट्रैक साइकिलिंग लीग का सफल आयोजन उत्तराखंड साइकिलिंग संघ द्वारा शिवालिक वेलोड्रम, रुद्रपुर, उत्तराखंड में किया गया।
विजेता खिलाड़ियों को मिला अवार्ड
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस, उधम सिंह नगर उत्तम सिंह नेगी, नजारत उप समाहर्ता जुबैर सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ की महासचिव आकांक्षा निगम, डी.के. सिंह तथा जिला खेल पदाधिकारी जानकी कार्की ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।
ईस्ट जोन बना ओवरऑल चैंपियन
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं जोन से कुल 249 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। दो दिनों तक चली इस रोमांचक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
झारखंडी खिलाड़ियों का जलवा
ईस्ट जोन की इस शानदार सफलता में झारखंड की खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सर्वाधिक पदक जीतकर जोन को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड की सरिता कुमारी को “बेस्ट वुमन एथलीट” के खिताब से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से तमिलनाडु की एम. गायत्री ने तकनीकी अध्यक्ष तथा दिल्ली के विजय नारायण सिंह ने रेस डायरेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साथ दर्जनों तकनीकी अधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान दिया।
