मुश्किल में ब़ॉलीवुड गीतकार अतहर हुसैन, लाखों की ठगी और रेप केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप

Bollywood lyricist Athar Hussain in trouble: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार अतहर हुसैन (Athar Hussain) उर्फ पंक्षी जालौनवी की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। उनके खिलाफ रायबरेली के कारोबारी हेमन्त कुमार राय ने केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि अतहर हुसैन ने उनसे लाखों की ठगी की और रेप केस में फंसाने की धमकी दी है।

अतहर हुसैन बॉलीवुड के जाने-माने गीतकार हैं। उन्होंने दस बहाने करके ले गई मेरा दिल फिल्म (दस), वक्त की धूप से ये बदन जल जाए तो क्या (किसान), भरे नैना (रा वन) और नोट प्यार फेंका जाली, रैंप पर दिल खाली, कैटवाक पर आ गई पारो (चक्रव्यूह) जैसे गीतों के बोल लिखे हैं।

लखनऊ के पीजीआई थाना में उनपर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण हेमन्त कुमार राय ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद यह मामला दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

रायबरेली रोड स्थित साउथ सिटी निवासी हेमन्त कुमार राय ने आरोप लगाया है कि उनसे 72 लाख रुपये उधार के नाम पर लेकर वापस नहीं किए गए और रकम मांगने पर उन्हें रेप केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार उनकी मुलाकात संजय सिंह के माध्यम से मुंबई निवासी अतहर हुसैन उर्फ पंक्षी जालौनवी से हुई थी। 24 दिसंबर 2023 को दोनों आरोपी उनके घर आए और एक वर्ष में रकम लौटाने का भरोसा दिलाकर 72 लाख रुपये उधार ले लिए।

हेमन्त राय के मुताबिक यह रकम अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। 17 जनवरी 2024 को 15 लाख रुपये केनरा बैंक खाते में, 18 जनवरी को 7 लाख रुपये पंजाब एंड सिंध बैंक खाते में और 50 लाख रुपये आईसीआईसीआई बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से भेजे गए। हालांकि लंबे समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने केवल 50 हजार रुपये ही वापस किए।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें झूठे रेप केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दबाव बनाकर करीब 20 लाख रुपये कीमत की एक चार पहिया गाड़ी भी अपने नाम खरीदवा ली, जिसका भुगतान भी हेमन्त राय के खाते से कराया गया। हेमन्त का यह भी दावा है कि आरोपी फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने के नाम पर लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करते हैं। पीजीआई पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।