शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांच चरम पर, टाईब्रेकर में कंजिया और तिगरा की जीत

Etwa Oraon Football Tournament: रांची में मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में चल रहे शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है।

टूर्नामेंट के तीसरे दिन गुरुवार को चार मुकाबलों के साथ दूसरे चक्र का भी एक मैच खेला गया।

कई मुकाबलों में जीत का फैसला टाईब्रेकर से हुआ।

टूर्नामेंट का शुभारंभ बंझिला पंचायत समिति सदस्य जमील आलम एवं नसीम खान ने किया।

पहले मुकाबले में सरना नव युवक संघ गुड़गुड़जाड़ी और नव युवक संघ कंजिया के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद टाईब्रेकर का सहारा लिया गया।

इसमें कंजिया ने 6-5 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूसरे मुकाबले में यूनाइटेड एफसी बिजुरिया पंचायत और जेएच-01 अक्षय स्पोर्टिंग तिगरा आमने-सामने हुए।

यह मुकाबला भी निर्धारित समय में बराबरी पर रहा।

टाईब्रेकर में तिगरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-3 से जीत हासिल की।

तीसरे मुकाबले में वसीम 11 ने अमित ब्रदर्स हेसमी को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

वहीं चौथे मुकाबले में सुपर किंग लोयो ने युवा विकास क्लब बुढ़ाखुखरा को 1-0 से मात दी।

कंजिया ने टाईब्रेकर में पक्का किया क्वार्टर फाइनल का टिकट

दूसरे चक्र के पहले मुकाबले में नव युवक संघ कंजिया और जेएच-01 स्पोर्टिंग के बीच जोरदार टक्कर हुई।

मुकाबला फिर टाईब्रेकर तक पहुंचा, जहां कंजिया ने 3-1 से बाजी मारते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

इससे पहले संत जेवियर कॉलेज मांडर, जय मसीह लोयो, एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स की टीमें क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।

टूर्नामेंट में लगातार हो रहे कड़े मुकाबलों ने स्थानीय खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है।

खासकर टाईब्रेकर में हो रहे रोमांचक फैसलों ने प्रतियोगिता को और दिलचस्प बना दिया है।

अब सभी की नजरें क्वार्टर फाइनल की तस्वीर और अगले मुकाबलों पर टिकी हैं।