Ganesh Mahotsav: रांची में डोरंडा काली मंदिर रोड स्थित न्यू काली पूजा परिसर में श्री गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित 5 दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ समापन हुआ।
गणपति बप्पा की विदाई के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए।
पूरे क्षेत्र में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
विसर्जन शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं।
शोभायात्रा में रुद्रप्रयाग की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
वहीं हजारीबाग से पहुंचे डीजी बैंड ग्रुप की शानदार प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
शोभायात्रा में जमशेदपुर की भांगड़ा पार्टी और लोहरदगा के नगाड़ा-बाजा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल में उत्साह भर दिया।
बैंड-बाजे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
पांच दिनों तक कई कार्यक्रमों का आयोजन
5 दिनों तक चले इस गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भंडारा, डांडिया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
आयोजन के अंतिम दिन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
समापन अवसर पर संरक्षक बिनय सिन्हा दीपू, श्री गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष नवीन मल्होत्रा, महामंत्री अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष बाबूसोना दास, उपाध्यक्ष जयंत मजूमदार, संरक्षक रंथू उरांव, शम्भु गुप्ता, नितेश गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
5 दिनों तक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजा डोरंडा का यह गणेश महोत्सव गणपति बप्पा की विदाई के साथ संपन्न हुआ।
