सिमडेगा में 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर जिला हॉकी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, जिले की 58 टीमें कर रही हैं शिरकत

District Hockey Championship: राष्ट्रीय खेल दिवस सह हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के शुभ अवसर पर “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत”की थीम पर 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता के मैच का शुभारंभ किया।

इससे पूर्व सभी अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

रजत पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

उद्घाटन समारोह के दौरान 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतने वाली हॉकी झारखंड टीम की सदस्य रहीं खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा अंडर-18 एशिया कप हॉकी में भारतीय टीम की सदस्य रहीं तथा तीन मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करने वाली संदीपा कुमारी के प्राथमिक कोच सुभीला मिंज को भी आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

58 टीमें ले रही हैं हिस्सा

इस वर्ष की चैंपियनशिप में कुल 58 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें 18 महिला एवं 40 पुरुष टीमें शामिल हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन 29 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें महिला एवं पुरुष वर्ग को मिलाकर कुल 128 मैच खेले जाएंगे।

उपायुक्त ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में उपायुक्त कंचन सिंह ने सिंदूर का पौधा लगाकर जिलेवासियों एवं खिलाड़ियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अपने जीवन में प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल ऐसी विधा है, जिसके माध्यम से युवा अपनी असीम संभावनाओं को साकार कर सकते हैं।

पूरे आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, अध्यक्ष सुनील तिर्की, कमलेश्वर मांझी, पैंक्रासियूस टोप्पो,  बसंत बा, रोहित बेसरा, फ्लेबियस तिर्की, सुजीत एक्का, अल्शन कीड़ों, तालीन  तिग्गा, कुंती कुमारी, नेहा कुमारी, कुनुल भेंगरा,  तारिणी कुमारी, संजय तिर्की, हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों एवं खेल विभाग के कोऑर्डिनेटर मनीष हेंब्रम सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।