Bihar Crime: बिहार के अररिया से एक हृदय विदारक घटना सामने आई। आपसी कहासुनी के बाद एक शख्स का गुस्सा ऐसा भड़का कि उसने दूसरे शख्स का सिर ही धड़ से अलग कर दिया।
घटना अररिया जिले के फारबिसगंज की है।
बताया जा रहा है कि सत्तू बेचने वाले एक शख्स और पिकअप वैन के एक ड्राइवर के बीच गाड़ी लगाने को लेकर कहासुनी हुई।
ये कहासुनी इतनी बढ़ गयी कि इसने हिंसक रूप ले लिया।
सत्तू बेचने वाले ने सब्ज़ी काटने वाले चाकू से पिकअप ड्राइवर पर वार कर दिया।
इस हमले के बाद ड्राइवर ज़मीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हत्यारे ने उसी चाकू से गला रेतकर सिर को धड़ से अलग कर दिया और उसे सड़क पर रख दिया।
बाजार समिति प्रांगण के पास हुई इस घटना के दौरान आसपास भीड़ थी और काफी संख्या में लोग थे। लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
घटना के बाद हत्यारा चाकू लेकर सड़क पर खड़ा रहा और लोगों को धमकाता रहा।
जब आरोपी सड़क से भाग एक घर में जाकर छिप गया तो गुस्साई भीड़ ने उसे घर से बाहर निकाला। इसके बाद पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार जोगबनी के रहने वाले हुसैन हर रोज की तरह पिकअप वैन लेकर मंडी आये थे। इसी बीच गाड़ी लगाने को लेकर सत्तू का ठेला लगाने वाले रवि चौहान से उनकी बहस होने लगी। बहस होते होते रवि ने हुसैन पर चाकू से हमला कर दिया।
तेजस्वी ने सरकार पर किया हमला
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना की निंदा करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये।
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए का राज नहीं बल्कि महाचौपट राज है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार की स्थिति भयावह है। बिहार की पुलिस भी कानून-व्यवस्था को संभालने के बजाय खुद की जान बचाने में लगी रही।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी इस घटना की निंदा की है।
