India shines in ICC rankings: ICC की ताजा रैंकिंग में भारत का जलवा देखने को मिला है।
भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन टी-20 बल्लेबाजी की रैंकिंग में दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज बन गये हैं।
उन्होंने बीते 1 साल से टॉप पर काबिज भारत के ही अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया।
इसके साथ ही ईशान किशन टी-20 में नंबर 1 बल्लेबाज बनने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी हैं।
ईशान किशन से पहले विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
इसी साल के शुरूआत में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने वर्ल्ड कप में लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाये थे।
टी-20 वर्ल्ड रैंकिंग में बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं।
तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, चौथे नंबर पर इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और पांचवे नंबर पर श्रीलंका के पथुम निसांका काबिज हैं।
वहीं भारत के तिलक वर्मा छठे नंबर और सूर्यकुमार यादव 8वें नंबर के बल्लेबाज हैं।
टी-20 गेंदबाजी में भारत को नुकसान
ICC की टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को नुकसान हुआ है।
वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह 1-1 पायदान नीचे खिसक गये हैं।
अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर 1 पर काबिज हैं वहीं पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे नंबर पर हैं।
भारत के वरुण चक्रवर्ती तीसरे और जसप्रीत बुमराह 6ठे नंबर खिसक गये हैं।
ऑलराउंडर्स की सूची में भारत के शिवम दुबे दसवें स्थान से उपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गये हैं।
टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 में 2 भारतीय
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड अपने करियर में पहली बार दुनिया के नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज बन गये हैं।
इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे और इंग्लैंड के ही जो रूट तीसरे स्थान पर आ गये हैं।
टॉप-10 में भारत के 2 बल्लेबाज शामिल हैं।
छठे स्थान पर भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और नौवें स्थान पर सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल काबिज हैं।
टेस्ट गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टॉप पर
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के जसप्रीत बुमराह पहले स्थान पर बने हुए हैं।
न्यूज़ीलैंड के मैट हेनरी दूसरे, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क तीसरे और ऑस्ट्रेलिया के ही पैट कमिंस चौथे स्थान पर हैं।
टॉप-10 गेंदबाजों में ऑस्ट्रेलिया के 5 गेंदबाज शामिल हैं।
मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस के अलावा स्कॉट बोलैंड छठे, जोश हेजलवुड नौवें और नाथन लियोन दसवें स्थान पर हैं।
