India wins FIH Women’s Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने FIH महिला हॉकी नेशंस कप का खिताब जीत लिया है।
खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पूरे मुकाबले में भारत रहा हावी
ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर हॉकी स्टेडियम में खेले गये खिताबी मुकाबले में भारत ने शुरूआत से ही आक्रामक खेल दिखाया।
मैच के चौथे ही मिनट में नवनीत कौर ने गोल दागकर टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिला दी।
पहले क्वार्टर में बढ़त लेने के बाद दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा।
दूसरे क्वार्टर में 15वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागकर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया।
इस गोल के बाद भारत ने डिफेंसिव खेल का रूख कर लिया।
भारतीय मिड फील्ड और डिफेंस ने शानदार तालमेल दिखाया और न्यूज़ीलैंड की टीम को गोल का कोई मौका नहीं दिया।
पूरी प्रतियोगिता में भारत रहा अजेय
इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने एक भी मैच बिना गंवाये खिताबी जीत हासिल की।
भारत ने अमेरिका, जापान और उरुग्वे को लीग चरण के मुकाबलों में हराया।
इसके बाद सेमीफाइनल में चिली को शानदार तरीके से हराकर फाइनल में जगह बनायी।
इसी के साथ अजेय रहते हुए भारत ने यह प्रतियोगिता दूसरी बार जीती है।
इसके पहले 2022 में भारत ने यह खिताब जीता था।
इस जीत के साथ ही भारत ने महिला FIH प्रो लीग में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
भारतीय टीम की यह सफलता भविष्य में ओलंपिक की राह में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दीपिका बनीं टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर
भारतीय टीम की युवा स्टार ड्रेक फ्लिकर दीपिका सहरावत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 गोल किए और प्रतियोगिता की शीर्ष गोल स्कोरर रहीं।
भारत की विजेता टीम में झारखंड की तीन बेटियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम की कप्तान सलीमा टेटे, अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान और युवा प्रतिभा दीपिका सोरेंग ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया।
विजेता खिलाड़ियों को बधाईयों के साथ ईनाम की घोषणा
भारतीय महिला हॉकी टीम के FIH महिला नेशंस कप चैंपियन बनने पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए टीम के प्रत्येक सदस्य को तीन-तीन लाख रूपये और सहयोगी स्टॉफ को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की।
