समरकंद में शतरंज की बिसात पर भारत का दांव मजबूत, पुरुषों की लगातार पांचवीं जीत, महिलाओं को मिली पहली बड़ी चुनौती

Chess Olympiad 2026: उज्बेकिस्तान के समरकंद में चल रहे 46वें FIDE चेस ओलंपियाड में भारत ने अब तक दमदार प्रदर्शन किया है।

खासकर पुरुष वर्ग में भारतीय टीम ने लगातार 5 जीत दर्ज करते हुए खिताब की दौड़ में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

वहीं महिला टीम को पांचवें दौर में पोलैंड के हाथों करीबी हार का सामना करना पड़ा है।

पुरुष टीम का विजयी अभियान जारी

भारत की पुरुष टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ 3-1 की जीत से की।

हालांकि पहले ही मुकाबले में अर्जुन एरिगैसी को थाईलैंड के प्रिन लाओहाविरापाप के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन निहाल सरीन, डी. गुकेश और विदित गुजराती ने जीत हासिल कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

दूसरे दौर में भारत ने इंडोनेशिया को 2.5-1.5 से हराया।

निहाल ने जीत दर्ज की, जबकि प्रज्ञानंदा, गुकेश और विदित ने ड्रॉ खेलकर टीम को मुकाबला जिताया।

तीसरे दौर में भारतीय टीम ने इटली को 3-1 से मात दी।

इस मुकाबले में निहाल सरीन और विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने जीत दर्ज की।

इसके बाद चौथे दौर में भारत ने स्पेन को भी 3-1 से हराया।

अर्जुन एरिगैसी और गुकेश ने अपने-अपने मुकाबले जीते, जबकि प्रज्ञानंदा और निहाल ने ड्रॉ खेला।

पांचवें दौर में नीदरलैंड पर बड़ी जीत

भारत का सबसे शानदार मुकाबला पांचवें दौर में नीदरलैंड के खिलाफ रहा।

भारतीय टीम ने यह मुकाबला 3-1 से जीतकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

इस मुकाबले में आर. प्रज्ञानंदा ने अनिश गिरी पर जीत दर्ज की।

शुरुआती तीन दौर में ड्रॉ खेलने के बाद प्रज्ञानंदा ने शीर्ष बोर्ड पर गिरी को हराकर भारत के लिए महत्वपूर्ण अंक हासिल किया।

वहीं डी. गुकेश ने भी एर्विन एल’आमी को हराकर पांच मुकाबलों में अपनी चौथी जीत दर्ज की।

अर्जुन एरिगैसी और निहाल सरीन ने अपने मुकाबले ड्रॉ किए।

पांच दौर के बाद भारत के खाते में 10 मैच पॉइंट हैं और टीम शीर्ष स्थान की दौड़ में बनी हुई है।

भारत, उज्बेकिस्तान और जर्मनी सभी के 10-10 मैच पॉइंट हैं।

गुकेश बने भारत के अहम हथियार

विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने अब तक भारत के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पांच मुकाबलों में उन्होंने 4.5 अंक जुटाए हैं।

निहाल सरीन भी शानदार फॉर्म में हैं और पांच गेम में 4 अंक उनके खाते में हैं।

प्रज्ञानंदा ने पांचवें दौर में अनिश गिरी के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान को नई ऊर्जा दी है, जबकि अर्जुन एरिगैसी भी शुरुआती झटके के बाद वापसी करते नजर आए हैं।

महिला टीम की शुरुआत शानदार, लेकिन पांचवें दौर में झटका

महिला वर्ग में भारत ने भी शुरुआत बेहद प्रभावशाली अंदाज में की।

टीम ने शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर परफेक्ट रिकॉर्ड बनाया था।

तीसरे दौर में भारत ने ग्रीस को 3.5-0.5 से हराया था।

इसके बाद चौथे दौर में मंगोलिया को भी 3-1 से मात दी।

इस मुकाबले में दिव्या देशमुख और साविता श्री ने जीत दर्ज की थी।

साविता ने लगातार चार जीत के साथ शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन किया।

लेकिन पांचवें दौर में भारत का सामना पोलैंड से हुआ और यहां टीम को 1.5-2.5 से हार मिली।

कोनेरू हम्पी, दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने अपने मुकाबले ड्रॉ किए, जबकि आर. वैशाली को एलेक्जेंड्रा माल्त्सेव्स्काया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

इस हार के बाद भारतीय महिला टीम 8 मैच पॉइंट के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है।

अब आगे क्या होगा?

इस बार का चेस ओलंपियाड कुल 11 राउंड का है।

पुरुष वर्ग में भारत के पास लगातार 5 जीत के बाद शानदार लय है, जबकि महिला टीम को पोलैंड के खिलाफ मिली हार से उबरकर आगे के मुकाबलों में मजबूत वापसी करनी होगी।