Youth Asian Hockey Championship: यूथ एशियन हॉकी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का शानदार खेल जारी है।
लगातार दो मुकाबलों में भारत ने पहले मेजबान ओमान और फिर चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
टीम इंडिया का आक्रामक खेल, शानदार तालमेल और दमदार फिनिशिंग पूरे टूर्नामेंट में चर्चा का विषय बन गई है।
पहले मुकाबले में ओमान को 10-1 से रौंदा
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान ओमान के खिलाफ 10-1 की एकतरफा जीत के साथ की।
इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और गोलों की झड़ी लगा दी।
ओमान की टीम भारतीय आक्रमण के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई।
पूरे मुकाबले भारतीय युवा खिलाड़ियों का दम शानदार देखने को मिला।
मैदान के हर कोने में भारतीय खिलाड़ियों ने ओमान के युवाओं को पछाड़ा।
भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा
दूसरे मैच में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ।
जहां टीम इंडिया ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-3 से जीत दर्ज की।
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक और संतुलित खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत की ओर से शाहरुख अली, राहुल यादव, केतन कुशवाहा, रोमित पाल, करण गौतम और प्रह्लाद राजभर ने गोल दागकर टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की।
लगातार दो बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने न केवल अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि वह इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार है।
खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और टीम की लय विरोधी टीमों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
यदि भारतीय टीम इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखती है, तो यूथ एशियन हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीतने की उसकी उम्मीदें और भी मजबूत हो जाएंगी।
क्रिकेट की तरह अब हॉकी में भी भारत का दबदबा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे देश के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
