झारखंड की लड़कियों ने जीती राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता, मध्यप्रदेश को 2-1 से दी शिकस्त

National Sub Junior Women’s Hockey Championship: 16वें सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की लड़कियों ने कमाल कर दिया। फाइनल में मध्यप्रदेश को 2-1 सेस हराकर खिताब अपने नाम किया।

रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने बेहतरीन खेल का नज़ारा पेश किया।

झारखंड ने लगातार तीसरे वर्ष यह खिताब जीता। झारखंड की ओर से सुगन सांगा और सेवानी केरकेट्टा ने 1-1 गोल दागा।

वहीं मध्यप्रदेश की ओर से एकमात्र गोल नम्मी गीताश्री ने किया।

ओडिशा और उत्तरप्रदेश की टीम में तीसरे स्थान के लिए भिड़ंत हुई। इसमें ओडिशा ने 4-2 से बाजी मारी और तीसरे स्थान पर रही।

विजेता ओडिशा टीम की ओर से प्रियंका मिंज ने 2 गोल, प्रिंसेस प्रिया एक्का और अंजना कुजूर ने 1-1 गोल दागा।

उत्तरप्रदेश टीम की ओर अर्किटा कुमारी और ममता कुमारी ने 1-1 गोल किया।

ओडिशा की प्रियंका मिंज को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

प्रतियोगिता में अवार्ड विजेता टीम और खिलाड़ी

विजेता- हॉकी झारखंड

उपविजेता- हॉकी मध्यप्रदेश

तृतीय स्थान- हॉकी एसोशियशन ऑफ ओडिशा

हाई गोल स्कोरर- नौशीन नाज (मध्यप्रदेश)-  9 गोल

बेस्ट गोलकीपर- खिल्ली कुमारी(झारखंड)

Best डिफेंडर- प्रीति बिलुंग (झारखंड)

बेस्ट फॉरवर्ड- प्रियंका मिंज (ओडिशा)

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट- स्वीटी कुजूर (ओडिशा)

फाइनल मैच एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में झारखंड के खेल विभाग के निदेशक आसिफ एकराम, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान पद्मश्री रानी रामपाल, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ट्रॉफी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

आज के आयोजन में हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोणबेगी, सीईओ रजनीश कुमार, माइकल लाल, धर्मेद्र कुमार सिंह , रणधीर कुमार, मनोज प्रधान, सहित हॉकी झारखंड और खेल विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।

इस मौके पर भोलानाथ सिंह ने विजेता झारखंड टीम को 2 लाख रुपए हॉकी झारखंड की ओर से देने की घोषणा की।