राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड फाइनल में, मध्यप्रदेश से होगा खिताबी मुकाबला

Hockey Championship: 16वें सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड ने फाइनल का रास्ता तय कर लिया है।

झारखंड ने उत्तरप्रदेश को हराया

रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड ने उत्तरप्रदेश को 2-0 से हराकर फाइनल मे जगह बनायी।

विजेता झारखंड टीम की ओर से रेजिना कुल्लू और संदीपा कुमारी ने 1-1 गोल दागा।

झारखंड की संदीपा कुमारी उनके बेहतरीन खेल के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

बता दें कि संदीपा कुमारी अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं।

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने संदीपा कुमारी को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

मध्यप्रदेश ने ओडिशा को हराया

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश ने ओडिशा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

विजेता टीम मध्यप्रदेश की ओर से नौशीन नाज और केशर भाबर ने 1-1 गोल दागा।

वहीं ओडिशा की ओर से एकमात्र गोल रूबीना बखला ने किया।

इस मैच में मध्यप्रदेश की ओर से निर्णायक विजयी गोल दागने वाली केशर भाबर को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

पूर्व अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान ने बेस्ट प्लेयर को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए उत्तरप्रदेश और ओडिशा की टीम आपस में भिड़ेंगी।

दोनों ही सेमीफाइनल मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल और सुभद्रा प्रधान सहित हॉकी झारखंड के अन्य पदाधिकारी स्टेडियम में उपस्थित रहकर सभी टीमों का उत्साह वर्धन करते रहे।

झारखंड टीम के फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है।