देश में गैस और तेल संकट का अनोखा विरोध, झारखंड के मंत्री साइकिल से पहुंचे विधानसभा

Jharkhand minister rides bicycle to Assembly: भारत में इस समय गैस का संकट गहराया हुआ है। सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि लोगों को परेशानी न हो। लेकिन समस्या इतनी गंभीर होती जा रही है कि अभी से ही घरेलु गैस की परेशानी तो होनी शुरू हो ही गयी है। कमर्शियल गैसे के नहीं उपलब्ध होने से देश के कई हिस्सों में होटल और रेस्टोरेंट जैसे कारोबार ठप पड़ते जा रहे हैं।

मंत्री इरफान अंसारी का अनोखा विरोध

विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को लगातार घेर रहा है। देश में गैस और तेल के संकट पर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए मंत्री इरफान अंसारी साइकिल से विधानसभा पहुंचे।

उन्होंने कहा ईरान-इजरायल युद्ध के कारण देश में गैस और तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर देश के सभी राज्यों के साथ झारखंड में भी पड़ रहा है।

इरफान का केन्द्र सरकार को पत्र

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री को पत्र लिखा है और जल्द से जल्द एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने से कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि इस कमी का असर रोजगार पर भी पड़ रहा है। गैस पर निर्भर होटलों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बंद होने से वहां के कामगारों की छुट्टी हो गयी है। ऐसे में उनके सामने जीवन-यापन की समस्या भी खड़ी होती दिख रही है।

हालांकि बातचीत के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि साइकिल से आने का उद्देश्य केवल केन्द्र सरकार की नीतियों का विरोध करना नहीं बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करना है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में तेल की कीमतें बढ़ रही हैं ऐसे में साइकिल एक सस्ता और बेहतर विकल्प हो सकता है। साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों का खतरा भी नहीं रहता।