झारखंड की महिला हॉकी टीम ने तमिलनाडु को रौंद डाला, 30-0 के अंतर से हराकर किया आगाज

Jharkhand women's hockey team

Jharkhand Women’s Hockey Team: भारत सरकार के खेल एवं युवा विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से 25 मार्च से 2 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स चल रहा है।

यहां झारखंड की महिला हॉकी टीम ने शानदार शुरूआत की है। झारखंडी लड़कियों ने तमिलनाडु को 30-0 के अंतर से हराया। इस एकतरफा मुकाबले में झारखंड की टीम ने खेल की शुरूआत से अंत तक शानदार खेल दिखाते हुए मैच पर हावी रही।

इस शानदार जीत के साथ ही झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

आक्रामक दिखी झारखंडी लड़कियां

मैच की शुरुआत से ही झारखंड ने तेज आक्रमण और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया। टीम की ओर से सेलस्टिना होरो ने सर्वाधिक 6 गोल दागते हुए जीत की मुख्य नायिका बनीं।

निशा मिंज ने 5 गोल कर शानदार साथ दिया, जबकि अनीशा डुंगडुंग ने 4 गोल कर टीम की बढ़त को और मजबूत किया। रोशनी ऐंड ने 3 गोल कर विपक्षी टीम की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा स्वीटी डुंगडुंग एवं पार्वती टोपनो ने 2-2 गोल कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं बालो होरो, मनीला बागे, सरोज कुमारी, प्रेनी कंडीर, सिलबिया नाग, रजनी केरकेट्टा, सुष्मिता कुल्लू एवं कौशल्या कुमारी ने 1-1 गोल दागकर टीम की जीत को ऐतिहासिक बना दिया।

इस प्रकार झारखंड की टीम ने कुल 30 गोल करते हुए अपनी जबरदस्त आक्रामक क्षमता का प्रदर्शन किया।

टीम की इस शानदार सफलता के पीछे कोच करुणा पूर्ति की रणनीति और अनुशासित प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम मैनेजर अमित रंजना मिंज ने पूरे टूर्नामेंट में टीम प्रबंधन को कुशलतापूर्वक संभाला, जबकि डॉक्टर एवं फिजियो शशांक सौरभ ने खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी सुनिश्चित कर अहम भूमिका निभाई।

इस प्रभावशाली जीत से झारखंड महिला हॉकी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी शानदार प्रदर्शन को दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य के खेल प्रेमियों में इस जीत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।