धनबाद पुलिस को मिले 40 नये वाहन, उपायुक्त और एसएसपी ने दिखायी हरी झंडी

Dhanbad Police gets 40 new vehicles: बीते दिनों झारखंड सरकार ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस (Dhanbad Police) को 40 आधुनिक वाहन मुहैया कराये थे। धनबाद पहुंची इन गाड़ियों को सोमवार को पुलिस लाइन से उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपायुक्त ने व्यवस्था मजबूत होने की बात कही

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि धनबाद पुलिस के बेड़े में नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। शहर के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पुलिस को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। दुर्गा पूजा से पहले इन्हें स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के सभी जिलों को नए वाहन आवंटित किए गए हैं। इसी क्रम में धनबाद को 40 बोलेरो वाहन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें विभिन्न थाना और अंचल कार्यालयों में तैनात किया गया है।

इसके अतिरिक्त धनबाद पुलिस को 45 अपाचे मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका उपयोग विशेष रूप से गश्त और त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।

एसएसपी ने कहा कि सभी वाहनों के सही संचालन और रखरखाव के लिए संबंधित पदाधिकारियों और वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की पेट्रोलिंग और भी प्रभावी होगी, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा।

किसी भी घटना या सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंदों तक शीघ्र मदद पहुंचाने में भी इन वाहनों से काफी सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले वित्तीय वर्ष में भी धनबाद पुलिस को और नए वाहन मिलने की संभावना है, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

किस थाना और पुलिस अंचल कार्यालय को मिले वाहन?

राजगंज, तोपचांच, बाघमारा, हरिहरपुर, कतरास, निरसा, पंचेत ओपी, टुण्डी, पूर्वी टुण्डी, पुलिस केन्द्र धनबाद, गोविन्दपुर अंचल, जोड़ापोखर अंचल, सिन्दरी अंचल, केन्दुआडीह अंचल, कतरास अंचल, तोपचांची अंचल, निरसा अंचल,  महुदा अंचल, टुण्डी अंचल, चिरकुण्डा, बैंक मोड़, धनसार, भूली ओपी, गोविन्दपुर, बरवाअड्डा, जोड़ापोखर, झरिया, बलियापुर, पुटकी, केन्दुआडीह, जोगता, लोयाबाद, महुदा, मधुबन, तेतुलमारी और बरोरा थाना को 1-1 वाहन दिया गया, जबकि धनबाद थाना और सरायढेला थाना को 2-2 वाहन दिये गये।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीएम लोकेश बारांगे, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, एसडीपीओ बाघमारा पुरुषोत्तम कुमार सिंह और डीएसपी साइबर संजीव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित थे।