India Vs England T-20: श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की हार का सिलसिला जारी है।
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी।
अब इंग्लैंड में भी भारत टी-20 सीरीज गंवा चुका है।
हालांकि श्रेयस अय्यर ने अपने बल्ले से कई मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी भगवान भरोसे हो गयी है।
इंग्लैंड के खिलाफ साख बचाने की चुनौती
आज भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाना है।
पहला मैच बारिश के कारण नहीं हो पाया था।
उसके बाद लगातार तीनों मैचों में भारत को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
ऐसे में टीम इंडिया चाहेगी कि इस मैच को जीतकर क्लीन स्वीप का कलंक लेने से बचे।
कप्तान बनने के बाद से ही श्रेयस अय्यर के साथ टीम इंडिया को भी उनकी कप्तानी में पहली जीत की तलाश है।
पहले टी-20 में भारतीय टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन बारिश ने मैच का मूड बिगाड़ दिया और मैच अधूरा रह गया।
तीन मुकाबलों में टीम इंडिया पिछड़ी
दूसरे मैच में टीम इंडिया काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी लेकिन रवि बिश्नोई के 1 ओवर में 29 रन पिटवाने के बाद भारत ने मैच गंवा दिया।
सीरीज के तीसरे मुकाबले को भारत कभी याद भी करना नहीं चाहेगा।
202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज़ 76 रनों पर ऑल आउट हो गयी थी।
वहीं चौथे मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी हर क्षेत्र में टीम इंडिया का लचर प्रदर्शन रहा।
हालांकि कप्तान श्रेयस ने इस मैच में शानदार अर्धशतक ज़रूर जमाया।
जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की जोड़ी कर रही परेशान
भारतीय बल्लेबाजों को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की जोड़ी परेशान कर रही है।
शीर्ष बल्लेबाजों के पास इस गेंदबाज जोड़ी का कोई तोड़ नहीं मिल पा रहा।
वहीं सैम करन भी अपनी गति और स्विंग से भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले रहे हैं।
सबसे अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन को बाहर बैठाना टीम इंडिया को भारी पड़ रहा है।
वैभव सूर्यवंशी को मैच खेलाने के दबाव में संजू को बाहर बैठाया गया।
जबकि वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे का बल्ला इस सीरीज में नहीं चल पाया है।
लय तलाशने में जुटे हैं भारतीय गेंदबाज
गेंदबाजों में शुरूआत के कुछ ओवरों में बेहतर करने के बाद भारतीय गेंदबाजों की लय बिगड़ रही है।
अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव कोई बहुत बड़ा कमाल नहीं दिखा पाये हैं।
वहीं अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरूण चक्रवर्ती और रवि विश्नोई बेबस नज़र आ रहे हैं।
आज के इस मुकाबले में सबसे दिलचस्प होगा कि टीम के प्लेइंग-11 में बदलाव देखना।
