झारखंड के क्रिकेट प्रेमिय़ों को मिला शानदार तोहफा, JSCA में टीम इंडिया खेलेगी 1 T-20 और 1 टेस्ट मैच

jsca stadium

JSCA Stadium: झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुत अच्छी खबर आयी है। रांची स्थित JSCA स्टेडियम में टीम इंडिया दो अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगी।

वेस्टइंडीज के साथ T-20 मुकाबला

पहला मुकाबला 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होगा। यहां पर दोनों टीमों के बीच फटाफट क्रिकेट देखने को मिलेगा। 2026 के T-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अपना दमखम दिखायेगी।
उम्मीद है कि विश्व विजेता टीम के अधिकतर खिलाड़ी JSCA स्टेडियम में खेलते दिखेंगे। वेस्टइंडीज की टीम आक्रामक बल्लेबाजी के लिये जानी जाती है। ऐसे में इस मुकाबले में चौकों-छक्कों की बरसात होगी। साथ ही त्यौहारों के सीजन के बीच इस मैच के आयोजन ने लोगों के रोमांच को और बढ़ा दिया है।

टेस्ट में भिड़ेगी टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया

दूसरा मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा। यह मुकाबला क्रिकेट के सबसे पुराने प्रारूप टेस्ट मैच के रूप में खेला जायेगा। 19 फरवरी 2027 से 23 फरवरी 2027 तक यह मुकाबला होगा।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिहाज से रांची में खेला जाने वाला मुकाबला बेहद अहम होगा।

रांची ने देश को धौनी, वरूण ऐरॉन, ईशान किशन और सौरभ तिवारी जैसे शानदार खिलाड़ी दिये हैं। तो शाहबाज़ नदीम, रोबिन मिंज और न जाने कितने खिलाड़ी IPL में अपना जलवा बिखेर चुके हैं।

ऐसे में सिर्फ रांची ही नहीं बल्कि पूरा झारखंड क्रिकेट के रंग में रंगा रहता है। हर गली मोहल्लों में क्रिकेट के बुखार चढ़ा रहता है। और जब बात मैच के आयोजन की हो तो ज़ाहिर है उत्साह अपने चरम पर होना।

एक बार फिर रांची को अंतर्राष्ट्रीय मैचों के मेजबानी की ज़िम्मेदारी मिली है। ऐसे में स्टेडियम में पिच, आउटफील्ड और स्टेडियम की देखरेख और बेहतर बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है।
लेकिन यहां होने वाले मैच के दौरान ठहरने वाले होटल, रेस्टोरेंट, बाज़ार सज़ जाते हैं। ऐसे में यह सिर्फ एक मैच नहीं होता बल्कि एक त्यौहार होता है।

JSCA स्टेडियम के बारे में

यह स्टेडियम झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा में स्थित है।
लगभग 35 एकड़ में बने इस स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 50 हज़ार है।
इस स्टेडियम का उद्घाटन 18 जनवरी 2013 को हुआ था।
यहां पहला मैच भारत और इंग्लैंड के बीच ODI 19 जनवरी 2013 को खेला गया था।
स्टेडियम के निर्माण में करीब 190 करोड़ रूपये खर्च हुए।