FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना और स्विटजरलैंड ने अंतिम-8 में जगह बना ली है।
अर्जेंटीना ने पिछड़ने के बाद मिस्र को हराया, जबकि स्विटजरलैंड ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूट आउट में शिकस्त दी।
लियोनेल मेसी का चला जादू
अर्जेंटीना ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मिस्र को 3-2 से हरा दिया।
इस जीत के हीरो रहे लियोनेल मेसी, जिन्होंने जादुई खेल से अपनी टीम को जीत दिलायी।
मैच की शुरूआत में मिस्र ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
15वें मिनट में यासिर इब्राहिम के हेडर से मिस्र ने 1-0 की बढ़त बना ली।
पहले हाफ में ही मिली पेनाल्टी को मेसी गोल में तब्दील नहीं कर पाये।
दूसरे हाफ में मिस्र ने अटैकिंग खेल दिखाते हुए मैच के 60वें मिनट में गोल दाग दिया।
हालांकि वीडियो रिप्ले देखने के बाद इस गोल को अमान्य कर दिया गया।
इसके 7 मिनट बाद ही मिस्र के मुस्तफा जिको ने अर्जेंटीना के डिफेंस को भेदते हुए एक और गोल दाग दिया।
इस गोल के साथ ही मिस्र मैच में 2-0 की बढ़त के साथ आगे बढ़ गया।
यहां से ऐसा लग रहा था कि अर्जेंटीना प्रतियोगिता से बाहर हो जायेगा।
लेकिन अभी लियोनेल मेसी का जादुई खेल आना बाकी था।
79वें मिनट में लियोनेल मेसी ने बेहतरीन पास देते हुए क्रिस्तियन रोमेरो को गोल का मौका दिया।
रोमेरो ने कोई गलती नहीं की और अर्जेंटीना ने पहला गोल दाग दिया।
4 मिनट बाद ही लियोनेल मेसी ने शानदार खेल दिखाते हुए अटैक बनाया और गेंद स्ट्राइकर लुतारो मार्टिनेज के पास भेजा।
हालांकि मार्टिनेज फिनिश नहीं कर पाये और गेंद वापस मेसी के पास पहुंची।
मेसी ने बॉक्स के बाहर से ही शानदार शॉट लगाकर गोलपोस्ट में गेंद पहुंचा दिया।
इसी के साथ दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर आ गईं।
इंजरी टाइम में अर्जेंटीना के लिसांद्रो मार्टिनेज ने गेंद को हवा में उछाला और एंजो फर्नांदेज ने हेडर के जरिये इसे गोलपोस्ट की राह दिखा दी।
इसी के साथ अर्जेंटीना ने मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल की राह पकड़ ली।
स्विटरजरलैंड ने कोलंबिया को हरा क्वार्टर फाइनल की जगह बनायी
फीफा विश्व कप में स्विटजरलैंड ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
स्विटजरलैंड ने कोलंबिया को पेनाल्टी शूट आउट में 4-3 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
90 मिनट तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पायीं।
इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में मुकाबला बराबरी का रहा।
आखिरकार पेनाल्टी शूटआउट में मैच का नतीजा निकला, जिसमें स्विटजरलैंड ने 4-3 से बाजी मार ली।
इसी के साथ 72 सालों के बाद स्विटजरलैंड की टीम विश्व के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है।
क्वार्टर फाइनल में स्विटजरलैंड की भिड़ंत अर्जेंटीना से होगी।
