एशियाई खेलों से पहले कुप्रबंधन का बड़ा मामला, क्रूज शिप की लॉबी में सोने को मजबूर सेपक टकरा के खिलाड़ी

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में 2026 एशियाई खेलों के आगाज से पहले ही आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे चौंकाने वाली तस्वीर थाईलैंड की राष्ट्रीय सेपक टकरा टीम से सामने आई है, जिसके खिलाड़ियों को आवास संबंधी गड़बड़ी के कारण क्रूज शिप की लॉबी के फर्श पर रात गुजारनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक थाई टीम 16 सितंबर को नागोया पहुंची थी।

खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था Costa Serena क्रूज शिप पर की गई थी।

लेकिन वहां पहुंचने के बाद चेक-इन के दौरान टीम के नाम और आवास से जुड़े रिकॉर्ड सिस्टम में नहीं मिले।

इसके चलते खिलाड़ियों को तत्काल कमरे उपलब्ध नहीं हो सके।

स्थिति इतनी लंबी खिंची कि खिलाड़ी अपने सामान के साथ लॉबी में इंतजार करते रहे।

करीब 24 घंटे तक कमरे नहीं मिलने के कारण थाई खिलाड़ियों को लॉबी के फर्श पर लेटे हुए देखा गया।

यह मामला सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में तेजी से चर्चा का विषय बन गया।

थाई प्रतिनिधिमंडल की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार, समस्या आवास संबंधी दस्तावेज और रिकॉर्ड से जुड़ी थी।

सिर्फ थाई टीम ही नहीं, कई दल परेशान

नागोया पहुंचने वाले कई देशों के खिलाड़ियों और अधिकारियों को भी आवास, परिवहन और पंजीकरण से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा है।

भारतीय खिलाड़ियों को भी कमरों के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा।

चीन, दक्षिण कोरिया और वियतनाम के दलों से जुड़ी भी लॉजिस्टिक समस्याओं की रिपोर्ट सामने आई हैं।

इस बार आयोजकों ने पारंपरिक Athletes’ Village नहीं बनाया है।

करीब 17 हज़ार खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए होटल, क्रूज शिप और अस्थायी कंटेनर शैली के आवास का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इनमें करीब 4 हज़ार लोगों के ठहरने की व्यवस्था Costa Serena पर की गई है।

आयोजकों का कहना है कि प्रतिभागियों की संख्या उम्मीद से बढ़कर हो गई, जिससे आवास व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।

आयोजकों ने समस्याओं को दूर करने और खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाने की बात कही है।

लेकिन एशियाई खेलों जैसे महाद्वीपीय स्तर के बड़े आयोजन से ठीक पहले खिलाड़ियों का कमरे के बजाय लॉबी के फर्श पर रात बिताना निश्चित तौर पर आयोजन की तैयारियों और समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

खेल मैदान में मुकाबला शुरू होने से पहले ही नागोया में व्यवस्था बनाम अव्यवस्था की तस्वीर सामने आ गई है।