Divyang Cricket Control Board of India: भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम एवं भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का संचालन करने वाली संस्था दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) को नया चेयरपर्सन मिला है।
पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने DCCBI की चेयरपर्सन के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है।
आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड समारोह के दौरान मीनाक्षी लेखी को बोर्ड की चेयरपर्सन के रूप में जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा की गई।
आगरा में आयोजित “दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026” के इस आयोजन में झारखंड कि दिव्यांग पारा क्रिकेट खिलाड़ी महिमा उरांव को प्लेयर ऑफ़ द ईयर दिव्यांग वूमेन क्रिकेट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मीनाक्षी लेखी ने उपस्थित दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ निभाएंगी तथा दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
आप कर्म करते रहें, रास्ते अपने आप खुलेंगे- मीनाक्षी
मीनाक्षी लेखी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने राजकुमार होते हुए भी अपने माता-पिता के आदेश का पालन किया और वनवास स्वीकार किया।
जीवन में हर व्यक्ति के लिए उसका कर्म प्रधान होता है।
इसलिए हमें अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करते रहना चाहिए, रास्ते अपने आप खुलते चले जाएंगे।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने मीनाक्षी लेखी का स्वागत करते हुए कहा कि दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया को आपके रूप में एक अभिभावक मिला है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड को एक ऐसे अभिभावक की सख्त जरूरत थी, जो अपने बच्चों को आगे बढ़ने, संघर्ष करने और कर्म करने की प्रेरणा दे सके।
व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने बोर्ड की चेयरपर्सन के रूप में मीनाक्षी लेखी के जुड़ने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों से दिव्यांग क्रिकेट को निश्चित रूप से नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने का प्रयास
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा देश में दिव्यांग क्रिकेट को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में बोर्ड बहुत जल्द मुंबई में भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच त्रिकोणीय दिव्यांग क्रिकेट श्रृंखला आयोजित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस श्रृंखला के माध्यम से तीनों देशों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मान, अवसर और बेहतर मंच प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है।
मीनाक्षी लेखी के अलावा नीरज अशोक शर्मा को सीनियर वाईस चेयरपर्सन खालिद अब्बास को चीफ ऑपरेटिंग अफसर सीओओ, नीरज शर्मा सीए को डायरेक्टर फाइनेंस तथा राजस्थान रॉयल के आईपीएल खिलाडी अजित चंदेला को डायरेक्टर टेक्निकल ऑफ़ बोर्ड के पदों पर नियुक्त किया गया।
