Namibia vs South Africa: नामीबिया ने टी20 ट्राई सीरीज के शुरुआती मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
Windhoek में खेले गए इस मुकाबले में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 163/9 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को 145/9 तक ही रोक दिया।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से डेवाल्ड ब्रेविस ने तूफानी 75 रन बनाए, लेकिन उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
ब्रेविस ने सिर्फ 50 गेंदों में 75 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
वह उस समय तक दक्षिण अफ्रीका की उम्मीद बनी हुई थी, लेकिन 18वें ओवर में रूबेन ट्रम्पेलमैन ने उनका अहम विकेट निकालकर मैच का रुख पूरी तरह नामीबिया की तरफ मोड़ दिया।
नामीबिया की शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
नामीबिया के सलामी बल्लेबाजों जान फ्राइलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने इस फैसले को गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की।
स्टीनकैंप ने 41 रन बनाए, जबकि फ्राइलिंक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 60 रन ठोंके।
उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
हालांकि 116 रन के स्कोर तक पहुंचने के बाद नामीबिया ने तेजी से विकेट गंवाए और एक समय ऐसा लगा कि टीम जल्दी ही सिमट जायेगी।
इसके बावजूद निचले क्रम के बल्लेबाजों की बदौलत नामीबिया 163/9 तक पहुंचने में सफल रहा।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत ही खराब
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को शुरुआत में ही झटके लग गए।
सलामी बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और जॉर्डन हरमन सस्ते में पवेलियन लौट गए।
इसके बाद भी विकेट गिरते रहे और दक्षिण अफ्रीका एक समय 39 रन पर 3 विकेट गंवा चुका था।
ऐसे मुश्किल समय में डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला।
ब्रेविस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और अपना अर्धशतक भी पूरा किया।
उनके साथ कुछ समय तक साझेदारी बनी, जिससे दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गईं।
लेकिन नामीबिया ने आखिरी चरण में जबरदस्त वापसी की।
ब्रेविस का विकेट बना टर्निंग पॉइंट
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए अंतिम ओवरों में तेजी से रन चाहिए थे और ब्रेविस क्रीज पर मौजूद थे।
ऐसे में नामीबिया के लिए उनका विकेट सबसे बड़ा लक्ष्य था।
18वें ओवर में रूबेन ट्रम्पेलमैन ने ब्रेविस को 75 रन पर आउट कर दिया।
ब्रेविस का कैच जैक ब्रासेल ने शॉर्ट थर्ड पर पकड़ा।
उनके आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका की जीत की आखिरी बड़ी उम्मीद भी टूट गई।
इसके बाद नामीबियाई गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया और पूरी टीम 20 ओवर में 145/9 तक ही पहुंच सकी।
ट्रम्पेलमैन और जे.जे. स्मिट ने किया कमाल
नामीबिया की जीत में गेंदबाजों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही।
रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 3 विकेट लेकर 24 रन दिए, जबकि जे.जे. स्मिट ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इन दोनों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी क्रम को लगातार दबाव में रखा।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से ब्रेविस के अलावा डुआन जैनसन ने नाबाद 25 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने के लिए यह पर्याप्त नहीं था।
नामीबिया ने फिर दोहराया इतिहास
इस जीत की खास बात यह भी है कि नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरी टी20 इंटरनेशनल जीत दर्ज की है।
दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ 2 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं और दोनों में नामीबिया विजेता रहा है।
मैच का नतीजा
नामीबिया – 163/9 (20 ओवर)
जान फ्राइलिंक – 60
लॉरेन स्टीनकैंप – 41
दक्षिण अफ्रीका – 145/9 (20 ओवर)
डेवाल्ड ब्रेविस – 75
डुआन जैनसन – 25*
