National Sub-Junior Women’s Hockey: राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के सातवें दिन 6 मुकाबले संपन्न हुए।
रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप में B डिवीजन के 2 और A डिवीजन के 4 मैच खेले गए।
मंगलवार को दिन की शुरुआत में पहले दो मुकाबले B डिवीजन की टीमों के बीच हुए।
दिल्ली ने असम को हराया
पहले मैच में दिल्ली की टीम ने असम को 7-0 से रौंद डाला। विजेती दिल्ली की ओर से ज्योति ने 3, दीपिका ने 2, प्रिया और आशना ने 1-1 गोल दागा।
तमिलनाडु की बंगाल पर जीत
दूसरा मैच में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और बंगाल के बीच खेला गया।
इस मुकाबले में आखिर तक दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रहीं।
तमिलनाडु की ओर से वी. मैथ्यू और स्वाति ने 1-1 जबकि बंगाल की ओर से दीपिका गुड़िया और क्वासीस खातून ने 1-1 गोल किया।
मंगलवार को A डिवीजन के 4 मैच खेले गये। इनमें उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, ओडिशा और झारखंड को जीत मिली।
इसी के साथ A डिवीजन से झारखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी।
मिजोरम पर उत्तरप्रदेश की जीत
आज के तीसरे मैच में उत्तरप्रदेश ने मिजोरम को 1-0 से पराजित कर दिया।
विजेता उत्तरप्रदेश की ओर से वैशाली सेन ने एकमात्र विजयी गोल दागा।
मध्यप्रदेश ने हरियाणा को हराया
चौथे मैच में मध्यप्रदेश ने हरियाणा 5-1 गोल के अंतर से पराजित कर दिया।
विजेता मध्यप्रदेश की ओर से नौशीन नाज और प्रियांशी भावनार ने 2-2 और नमी गीताश्री ने 1 गोल किये।
जबकि हरियाणा की ओर से एकमात्र गोल ज्योति ने किया।
ओडिशा ने पंजाब को हराया
पांचवे मैच में ओडिशा ने पंजाब को 2-0 से पराजित कर दिया। विजेता टीम ओडिशा की ओर से अर्चना कुजूर ने दोनों गोल दागे।
झारखंड ने बिहार को रौंदा
छठे मैच में मेजबान झारखंड की टीम ने बिहार को 9-0 गोल के अंतर से रौंद डाला।
झारखंड की टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
विजेता झारखंड की टीम की ओर से संदीपा कुमारी और प्रीति बिलुंग ने 2-2 गोल, पुष्पा मांझी, सेवानी केरकेट्टा, सुष्मिता गुडिया,रिचा मिंज और मरियम भेंगरा ने 1-1 गोल किया।
