कांके अंचल के राजस्व कर्मचारी निलंबित, भू-राजस्व मामलों की समीक्षा के बाद रांची उपायुक्त का आदेश

Ranchi DC in Action: रांची के विभिन्न अंचलों से भू-राजस्व से संबंधित मामले में मिल रही शिकायतों पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री सख्त हैं।

राजस्व कर्मचारी निलंबित

शनिवार को उपायुक्त ने रांची के अंचलों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीओ, सीआई और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियम विरुद्ध गलत करनेवालों को किसी भी परिस्थिति में नहीं बख्शा जायेगा।

उपायुक्त ने कांके अंचल में जमीन पर अवैध रुप से बाउंड्री वॉल निर्माण के मामले में एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने का आदेश दिया।

उपायुक्त की सख्त चेतावनी

सभी को चेतावनी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि ‘‘कोई भी सीओ जमीन माफिया के साथ सांठगांठ न करे, कोई भी सीआई और कर्मचारी गलत चीजों में इन्वॉल्व न हो, नहीं तो कार्रवाई सुनिश्चित है।

अनगड़ा कर्मचारी को शोकॉज

समीक्षा के दौरान सभी सीआई और कर्मचारियों से लंबित मामलों का कारण पूछा गया। अनगड़ा अंचल में 90 दिनों से ज्यादा म्यूटेशन के लंबित आवेदन को ससमय निष्पादित नहीं करने पर उपायुक्त ने कर्मचारी को शोकॉज करने का आदेश दिया।

10 डिसमिल से कम का म्यूटेशन को प्राथमिकता

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि 10 डिसमिल से कम के म्यूटेशन के मामलों का त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार में 10 डिसमिल से कम के लंबित म्यूटेशन का मामला आता है तो कर्मचारी पर कार्रवाई होगी।

म्यूटेशन केस में गड़बड़ी पर कार्रवाई

उपायुक्त ने रांची के हर अंचल से रिजेक्ट हुए 10-10 म्यूटेशन के मामलों का रैंडम चयन कर समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच में यदि पाया जाता है कि गलत तरीके से आवेदन अस्वीकृत किया गया तो सभी संबंधित के खिलाफ आरोप पत्र गठित करें।

अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वो अपने कार्यालय कर्मियों को नियंत्रण में रखें। किसी भी तरह से भू-माफिया के साथ सांठगांठ एवं गलत कार्यों में संलिप्तता पर कार्रवाई करें।

इकसे अतिरिक्त उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के भूमि चिन्हितीकरण, हिट एंड रन एवं आपदा मामले में मुआवजा राशि भुगतान संबंधित अन्य राजस्व कार्यों के ससमय निष्पादन के निर्देश दिये।

रांची समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त सभागर में आयोजित बैठक में अपर समाहर्त्ता, सभी प्रखण्ड के जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, विभिन्न अंचल के अंचल अधिकारी, सीआई और कर्मचारी उपस्थित थे।