Vedtimes.com | स्पोर्ट्स डेस्क
Simdega College crowned Hockey Championship: रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 में सिमडेगा कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान सिमडेगा कॉलेज ने बिरसा कॉलेज, खूंटी को 3-1 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
बिरसा कॉलेज, खूंटी को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता का आयोजन रांची विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सिमडेगा कॉलेज द्वारा किया गया।
उद्घाटन हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और सिमडेगा कॉलेज के प्राचार्य देवराज प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।
एस्थेर होरो के दो गोल से सिमडेगा की जीत
फाइनल मुकाबले में बिरसा कॉलेज, खूंटी ने आक्रामक शुरुआत की।
टीम की ओर से पूनम मुंडू ने तीसरे मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद सिमडेगा कॉलेज ने शानदार वापसी की।
सीता कुमारी ने 14वें मिनट में गोल कर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद एस्थेर होरो ने 29वें और 32वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर सिमडेगा कॉलेज की जीत सुनिश्चित कर दी।
शानदार प्रदर्शन के लिए एस्थेर होरो को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
सिमडेगा हॉकी की नर्सरी: मनोज कोनबेगी
उद्घाटन समारोह में प्राचार्य देवराज प्रसाद ने हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कोनबेगी ने अपना जीवन खेल को समर्पित किया है।
उनकी प्रेरणा से सिमडेगा के अनेक खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंचे हैं और सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है, जहां से कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल भावना उससे भी अधिक मायने रखती है।
मनोज कोनबेगी ने महिला खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने सिमडेगा में हॉकी के उज्ज्वल भविष्य पर भी प्रकाश डाला।
महिला हॉकी को नई दिशा देंगे ऐसे आयोजन
आयोजन सचिव एवं खेल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय की ओर से सिमडेगा कॉलेज को प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना गर्व की बात है।
उन्होंने सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं।
विजेता और उपविजेता टीम सम्मानित
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मनोज कोनबेगी तथा विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय के खेल निदेशक प्रो. अनिल वीरेंद्र कुल्लू उपस्थित रहे।
दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया।
इसके बाद विजेता सिमडेगा कॉलेज और उपविजेता बिरसा कॉलेज, खूँटी की टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारियों के रूप में पंकरासीएस टोप्पो, बसंत बा, सुजीत एक्का, कुनुल भेंगरा, रोहित बेसरा, समीर डूंगडूंग और तालिन तिग्गा ने जिम्मेदारी निभाई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के तकनीकी सहायक धीरज तथा सिमडेगा कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंच संचालन डॉ. जितेश पासवान ने किया, जबकि अंत में डॉ. तिरियो एक्का ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
