Etwa Oraon Football Tournament: रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का खिताब एसके ब्रदर्स ने अपने नाम कर लिया।
शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में एसके ब्रदर्स ने जय मसीह गिरजाटोली लोयो को ट्राइब्रेकर में 5-3 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
निर्धारित समय में मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद विजेता का फैसला ट्राइब्रेकर से हुआ।
इसमें एसके ब्रदर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली।
टूर्नामेंट के उद्घाटन के अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
विजेता को 80 हजार रुपये और ट्रॉफी
खिताब जीतने वाली एसके ब्रदर्स की टीम को 80 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
बंझिला की मुखिया सोहंती एक्का ने विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वहीं उपविजेता जय मसीह गिरजाटोली लोयो की टीम को 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
यह पुरस्कार शहीद एतवा उरांव की पत्नी विमला देवी ने प्रदान किया।
एसके ब्रदर्स के खिलाड़ी अभिषेक खलखो को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सेमीफाइनल में भी रहा रोमांच
टूर्नामेंट के अंतिम चरण में सुपर किंग लोयो, जय मसीह गिरजाटोली लोयो और एसके ब्रदर्स की टीमें पहुंची थीं।
5 सितंबर को लॉटरी के माध्यम से एसके ब्रदर्स को सीधे फाइनल में प्रवेश मिला।
दूसरे सेमीफाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो और सुपर किंग लोयो के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद ट्राइब्रेकर से फैसला किया गया।
ट्राइब्रेकर में जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने 6-5 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और मुकाबलों में दिखे रोमांच ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक पितरुस खलखो, मो. महबूद, प्रदीप केवट, रंजीत खलखो, विनोद खलखो, सन्नी सहित आयोजन समिति के कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
