Khelo India Tribal Games: खेल एवं युवा मामले, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 25 मार्च से 3 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (Khelo India Tribal Games) भारोत्तोलन में बाबूलाल हेंब्रम ने 60 किलो वर्ग में रजत एवं ओम कुमार ने 65 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीत झारखंड का खाता खोला।
पुरूष हॉकी टीम का शानदार आगाज़
इधर झारखंड पुरुष हॉकी टीम ने मेजबान छत्तीसगढ़ को अपने पहले लीग मैच में 2- 0 से पराजित कर विजयी आगाज किया।

महिला हॉकी टीम का ज़बरदस्त खेल
वहीं महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे लीग मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 16-0 के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मुकाबले में झारखंड की टीम शुरू से ही आक्रामक नजर आई और पूरे मैच में गुजरात की टीम पर दबदबा बनाए रखा।
बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और सटीक फिनिशिंग के दम पर झारखंड ने लगातार गोल दागते हुए एकतरफा जीत हासिल की।
झारखंड की ओर से रोशनी ने सर्वाधिक 5 गोल कर शानदार प्रदर्शन किया। अनिमा डुंगडुंग ने 2 गोल, बालो होरो ने 2 गोल, सिलबिया नाग ने 2 गोल और प्रेनी कंडीर ने 2 गोल किए।
इसके अलावा एंजेल पावी टोप्पो, जीनी सोय मुंडा एवं सरोज कुमारी ने 1-1 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस प्रकार झारखंड ने कुल 16 गोल कर अपनी आक्रामक क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

टीम के इस शानदार प्रदर्शन में कोच करुणा पूर्ति की रणनीति और प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही। वहीं टीम मैनेजर अमिता रंजन मिंज ने टीम प्रबंधन को कुशलतापूर्वक संभाला। टीम के फिजियो डॉ. भगवान सोरेन ने खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी सुनिश्चित कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस जीत के साथ झारखंड महिला हॉकी टीम का मनोबल काफी ऊंचा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
महिला फुटबॉल टीम की जीत
वहीं झारखंड की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए असम को अपने दूसरे लीग मैच में 9-1 के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।
मैच की शुरुआत से ही झारखंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआत के 11वें मिनट अनीता डुंगडुंग ने पहला गोल कर बढ़त बना ली।

टीम की ओर से दूसरा गोल 29वें मिनट में नमिता कुमारी ने किया। इसके तुरंत बाद 40वें मिनट में एलिजाबेथ एक्का ने तीसरा गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इस शानदार जीत में कोच बीना केरकेट्टा एवं नूपुर टोप्पो का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
वहीं टीम मैनेजर अजय सुभाष तिर्की ने टीम प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा बनाए रखा।
