भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकता है T-20 World Cup फाइनल, ये रहा समीकरण

BCCI Team India

Mens T-20 World Cup: भारत और पाकिस्तान (India Vs Pak) के बीच मुकाबले का इंतज़ार दोनों देशों के फैंस को रहता है। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा से हाई वोल्टेज ड्रामा की तरह रहता है।

पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों के बीच इतना तनाव बढ़ा है कि क्रिकेट के मैदान पर भी यह तनाव साफ देखा जा सकता है। टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारत-पाक मुकाबले के दिन सड़कें सुनसान हो गयी थीं। यहां पाकिस्तान को भारत ने हर क्षेत्र में पछाड़कर करारी शिकस्त दी।

लेकिन अब भी क्रिकेट फैंस का मन नहीं भरा है। तो उन्हें बता दें कि यह संभव है कि उन्हें इसी विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मुकाबला देखने को मिल सकता है।

क्या है समीकरण और कैसे एक बार फिर आमने-सामने हो सकते हैं पाकिस्तान और भारत, आइये जानते हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ हार ने डाला मुश्किल में

सुपर-8 के पहले मुकाबले में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ रद्द और दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार ने पाक टीम को मुश्किल में डाल दिया है। टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पाकिस्तान की टीम लगभग बाहर हो चुकी है।

लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और यहां कभी भी कुछ भी हो सकता है। इसीलिए एक संभावना बन रही है कि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हो जाये।

सुपर-8 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड की टीम का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। इससे दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

अब तीसरा और आखिरी मुकाबला पाकिस्तान की टीम को श्रीलंका से खेलना है। ऐसे में पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना बेहद मुश्किल लग रहा है।

Pakistani Cricket Team

किस्मत के सहारे है पाकिस्तान

सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड की टीम ने दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। नेट रन रेट के आधार पर 1 अंक के साथ न्यूज़ीलैंड दूसरे स्थान पर है।

पाकिस्तान की टीम 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। जबकि श्रीलंका 1 मैच में हार के बाद चौथे स्थान पर है। अब पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ बहुत बड़ी जीत दर्ज करनी होगी ताकि उसके नेट रन रेट में सुधार हो सके।

उसके बाद यह उम्मीद करनी होगी कि न्यूज़ीलैंड की टीम श्रीलंका और इंग्लैंड में किसी एक से या दोनों से हार जाये। अगर न्यूज़ीलैंड की टीम इंग्लैंड से हार जाती है और श्रीलंका को हरा दे तो नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान से मुकाबला होगा।

अगर न्यूज़ीलैंड इंग्लैंड को हरा दे और श्रीलंका से हार जाये तो भी नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा। लेकिन अगर न्यूज़ीलैंड दोनों मुकाबले जीत गयी तो पाकिस्तान बाहर हो जायेगा।

Team India

फाइनल में हो सकती है भारत-पाक भिड़ंत

लेकिन अगर समीकरण, बेहतर खेल और किस्मत साथ रहा तो पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। लेकिन अपने ग्रुप में वो दूसरे स्थान पर रहेगी।

वहीं टीम इंडिया भी अपने ग्रुप में दूसरे स्थान तक ही पहुंच सकती है। ऐसे में दोनों के बीच सेमीफाइनल का मुकाबला होने की संभावना दूर-दूर तक नज़र नहीं आती।

लेकिन अगर दोनों ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत लिये तो फाइनल में टीम इंडिया और पाकिस्तान की टीम खिताबी भिड़ंत के लिए आमने-सामने होंगे।