विश्व जल दिवस पर धनबाद में जिला स्तरीय सम्मान-सह-समापन समारोह का आयोजन

World Water Day: विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को धनबाद के जिला समाहरणालय सभागार में सम्मान सह समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, मुखिया और जलसहिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल ने जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में क्रियान्वित योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित मुखियाओं एवं जलसहियाओं के साथ साझा की।

वर्तमान चुनौतियों पर चर्चा

इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों से आए मुखियाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों एवं योजनाओं के रख-रखाव से संबंधित अनुभव साझा किए। वहीं, जिले के विभिन्न ग्रामों से आई जलसहियाओं ने योजनाओं के स्व-रखरखाव तथा जलकर वसूली में आ रही समस्याओं पर प्रकाश डाला।

जिला समन्वयक (IEC) ने जल संरक्षण पर बल देते हुए वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जल स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं, प्लंबर एवं जलसहियाओं को उप विकास आयुक्त द्वारा शॉल, मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।

उप विकास आयुक्त ने सभी मुखियाओं एवं जलसहियाओं से अपील की कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं एवं नलकूपों को सुचारू रूप से संचालित रखें, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति सामूहिक शपथ भी ली।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में जल समिति द्वारा प्रत्येक माह की 10 तारीख को बैठक आयोजित की जाए तथा 15 तारीख को प्रखंड स्तर पर बैठक सुनिश्चित की जाए, जिसमें संबंधित कनीय अभियंता (JE) की उपस्थिति अनिवार्य हो। उन्होंने यह भी कहा कि जलकर का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को तीन बार नोटिस देने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनके पाइपलाइन कनेक्शन काटे जाएं।

कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारी, मुखिया, जलसहिया एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।