India Vs Netherlands T-20 WWC: महिला टी-20 विश्व कप में भारत ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए नीदरलैंड को 95 रनों से हरा दिया।
इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को हराकर प्रतियोगिता में शानदार आगाज किया था।
स्मृति और शेफाली का शानदार अर्धशतक
टॉस जीतकर नीदरलैंड ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरूआत करते हुए 11.3 ओवर में शतकीय साझेदारी करते हुए 115 रन जोड़े।
शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 10 चौके की मदद से 55 रनों का योगदान दिया।
शेफाली के आउट होने के बाद मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने 26 गेंदों पर 47 रनों की साझेदारी की।
जेमिमा रोड्रिग्स 13 गेंदों पर 2 चौके की मदद से 19 रन बनाकर आउट हो गयी।
स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रन बनाये।
यास्तिका भाटिया 3 रन बनाकर आउट हो गयीं।
बाद में कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ ऋचा घोष ने 15 गेंदों पर 31 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को 200 के पार पहुंचाया।
भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाये।
नीदरलैंड की तरफ से कैरोलिन डी लांगे ने 2 विकेट लिये।
114 रन पर ऑल आउट हुई नीदरलैंड
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में 114 रनों पर ऑल आउट हो गयी।
नीदरलैंड की तरफ से सबसे ज़्यादा बाबेटे डी लीदे ने 28 रन बनाये।
हीथर सीगर ने 21, स्टेरे कालीस ने 18 और फेबे मोल्केनबर ने 15 रनों का योगदान दिया।
भारत की तरफ से 4 विकेट झटक कर सबसे सफल गेंदबाज श्रीचरणी रहीं।
श्रीचरणी ने अपने एक ही ओवर में 3 विकेट झटके।
ऑल राउंडर शेफाली वर्मा ने 3 विकेट अपने नाम किया।
नंदनी शर्मा ने 2 जबकि दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट झटका।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने ग्रुप ए में शीर्ष पर जगह बना लिया।
भारत को अभी अपने ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ मुकाबला खेलना है।
