रांची में एक दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पहले दी गयी योग के महत्व की जानकारी

Yoga Workshop: गुरुवार को रांची में एक दिवसीय योग कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया।

डैन्सपिरेशन स्टूडियोज़ और बंका मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बंका मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी दीपक बंका, दीप कूट्योर बूटिक की संचालिका दीपा बंका, डैन्सपिरेशन स्टूडियोज़ के निदेशक अभिषेक कुमार, कविता कुमारी, आशुतोष द्विवेदी और अमित कुमार उपस्थित थे।

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आगामी 21 जून को पूरे विश्व में मनाए जाने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के पूर्व जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं ने आधुनिक जीवन शैली में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और मानसिक तनाव के बीच शारीरिक व मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग एकमात्र अचूक साधन है।

नियमित योग न केवल हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है, बल्कि एक स्वस्थ और सकारात्मक जीवन शैली की नींव रखता है।

​इस विशेष शिविर में रांची के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यशाला के दौरान मुख्य प्रशिक्षक खुशी कुमारी और अनूप कुमार की देखरेख में उपस्थित प्रतिभागियों को मानसिक और शारीरिक दृढ़ता के लिए पर्वतासन, भुजंगासन, वीरभद्रासन, बालासन और ताड़ासन का गहन अभ्यास कराया गया।

​इस मौके पर रंजीत गुप्ता, सीमा राजगढ़िया, श्वेता चौधरी, प्रियंका जैन, नेहा गुप्ता, रेखा लोढ़ा, पूजा पड़िया, निभा, प्रियंका गुप्ता, बेबी, सुनीता अग्रवाल, मुनमुन जैन, नीलम छापड़िया, सुमन अग्रवाल, चंदा चौधरी, पूजा बक्सी, आकृति बांका और पल्लवी सहित संस्थान के अनेक विद्यार्थी एवं प्रबुद्ध महिलाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को दैनिक जीवन में अनिवार्य रूप से अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।