9वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता सम्पन्न, खिलाड़ियों ने किया शानदार खेल का प्रदर्शन

Sub-Junior Sepak Takraw Championship: झारखंड सेपक टकरा संघ के तत्वावधान में रांची के जिला स्कूल में आयोजित 9वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ।
प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 100 खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
एक दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुमित दुबे, निदेशक, एस.डी.एफ. उपस्थित थे।
उनके अलावा अमन यादव, गौतम, राज प्रजापति और सुमित घोषाल भी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के परिणाम

रेगू बालक वर्ग में गोविंद राम कटारुका विद्यालय ने प्रथम, मानन विद्यालय ने द्वितीय तथा जिला स्कूल एवं गिरिडीह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रेगू बालिका वर्ग में देवघर ने प्रथम, मानन विद्यालय ने द्वितीय तथा कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं क्वाड बालक वर्ग में गोविंद राम कटारुका विद्यालय ने प्रथम, जिला स्कूल ने द्वितीय तथा कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके एवं मानन विद्यालय ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अमरेन्द्र दत्त द्विवेदी, भोला कुमार, साकेत सौरभ, राजकुमार महतो, अनिरुद्ध द्विवेदी, विवेक कुमार, आशीष कुमार, मोहित कुमार एवं गोपाल मुंडा ने रेफरी एवं तकनीकी पदाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेपक टकरा जैसे खेलों को राज्य के विभिन्न जिलों में बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण एवं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय सब-जूनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में चयन का अवसर मिलेगा जिसकी घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।