Jharkhand boys and girls Mallakhamb team selected: झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन और खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम संस्करण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (ST) गेम्स-2026 के लिए झारखंड बालक-बालिका मलखंब टीम का चयन रविवार को संपन्न हुआ। चयन प्रक्रिया बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा, रांची के प्रांगण में संपन्न हुई।
इस खुली चयन प्रतियोगिता में झारखंड राज्य से संबंधित सभी जिला ईकाई के अतिरिक्त पूरे राज्य से लगभग चालीस बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। 15 मार्च से 29 मार्च तक पन्द्रह दिवसीय झारखंड मलखंब टीम का प्रशिक्षण शिविर बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2,धुर्वा, रांची में अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इस दौरान मुख्य प्रशिक्षक अजय झा, सहायक प्रशिक्षक विवेक कुमार, संजय कुमार, निखिल कुमार और सरिता कुमारी की देखरेख में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारेंगे।
झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव अजय झा ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित झारखंड टीम दिनांक 2 से 4 अप्रैल तक अंबिकापुर(सरगुजा) छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम संस्करण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति(ST) गेम्स-2026 के तहत मलखंब प्रतियोगिता में भाग लेगी। खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने के झारखंड की बालक-बालिका मलखंब टीम तीस मार्च को (सरगुजा) अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ के लिए के प्रस्थान करेगी।
