Farewell to retired teachers: रांची जिला प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बुधवार को समाहरणालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। इस अवसर पर जिले के 10 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 1 कर्मी को उनके लंबे, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने स्वयं सभी को स्मृति चिह्न, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता हैं- डीसी
इस मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि “शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता होते हैं। उनके अथक योगदान से ही आने वाली पीढ़ियां मजबूत और सशक्त बनती हैं।”
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशनरी लाभ प्रदान करना जिला प्रशासन की शिक्षकों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन की इस नई पारी में आप सभी नई ऊंचाइयों को छुएं। स्वयं को व्यस्त रखें, समाज सेवा में सक्रिय रहें और नई उपलब्धियाँ हासिल करें। ईश्वर आपको लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे।”
सहायक शिक्षक को नियुक्ति पत्र मिला
इस अवसर पर जगदीश्वर प्रमाणिक को सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। उनकी काउंसलिंग वर्ष 2024 में हुई थी।
सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मी
(1) रंजीत मोहन, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. तैमारा, बुण्डू
(2) मरसी किरण पास्कली लकड़ा, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. न्यू तुपुदाना, रांची
(3) संतोष कुमार महतो, प्रधानाध्यापक, रा. हरिजन मध्य विद्यालय, तमाड़
(4) रविन्द्र नाथ राय, सहायक शिक्षक, रा. प्रा. वि. बोधडीह, तमाड़
(5) मो. करीम आलम, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. रडगांव, तमाड़
(6) खुर्शीद अनवर, सहायक शिक्षक, रा.प्रा.वि. खुदिया, ओरमांझी
(7) नील कमल महतो, सहायक शिक्षक, रा. उत्क्रमित म.वि. हजाम, सिल्ली
(8) भानु प्रताप यादव, सहायक शिक्षक, रा.प्रा.वि. रामपुर, सिल्ली
(9) हेन्डरी बागे, सहायक शिक्षक, संत अलोईस मध्य विद्यालय, रांची
(10) राधा लकड़ा, लिपिक, कार्यालय, जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची
(11) गोपाल तिवारी, कार्यालय अधीक्षक, विधि शाखा, रांची।
कार्यक्रम में जिला उप समाहर्ता रांची, बिवेक सुमन एवं जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उप समाहर्ता बिवेक सुमन और जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज एवं उनके समस्त टीम को विशेष धन्यवाद दिया।

