National Sub Junior Women’s Hockey Championship: झारखंड की राजधानी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आगाज हुआ।
हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड और खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वाधान में 1 से 12 अप्रैल तक यह प्रतियोगिता चलेगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि खेल सचिव मुकेश कुमार थे। उनके अलावा खेलकूद एवं युवा विभाग के निदेशक आसिफ इकराम, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान भी मौजूद थे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर, गुब्बारा उड़ाकर तथा हॉकी झंडे को फहरा कर किया।

खिलाड़ियों से को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुकेश कुमार ने कहा कि धरती हॉकी खिलाड़ियों की धरती है। इस धरती से सलीमा टेटे और निक्की प्रधान जैसे खिलाड़ी निकले हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी उनसे प्रेरणा लेकर उनसे भी अच्छे खिलाड़ी बने।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने स्वागत भाषण के दौरान विभिन्न राज्य से आए खिलाड़ियों और अतिथियों स्वागत किया।

भोलानाथ सिंह ने कहा कि हॉकी इंडिया लगातार खिलाड़ियों को सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। आप सभी विभिन्न राज्य से आए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर दिल्ली में हॉकी इंडिया के वार्षिक समारोह में सम्मानित हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोणबेगी को खेल सचिव मुकेश कुमार ने मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोणबेगी, धर्मेंद्र सिंह, रणधीर कुमार, पवन सिंह, साई के पूर्व प्रशिक्षक विश्वनाथ सिंह और चंचल भट्टाचार्य सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित थे।
12 दिनों तक चलने वाले इस प्रतियोगिता के कुल 29 राज्यों से 540 महिला हॉकी खिलाड़ी भाग ले रही हैं।
पहले दिन 5 मुकाबला संपन्न
उद्घाटन समारोह के बाद पहले दिन 5 मुकाबले खेले गए। उनमें जम्मू-कश्मीर ने पुदुचेरी को 3-2 से, दिल्ली ने बंगाल को 2-0 से, दादर नागर हवेली ने असम को 4-3 से, चंडीगढ़ ने कर्नाटक को 2-1 से तथा उत्तराखंड ने हिमाचल प्रदेश को 6-3 गोल से पराजित कर पूरे अंक अर्जित किए।
