प्रस्तावित विकास योजनाओं के लिए धनबाद और गोविंदपुर अंचल में सरकारी ज़मीनों का निरीक्षण, उपायुक्त के साथ एसएसपी भी रहे मौजूद

Dhanbad DC: धनबाद जिले के कई अंचलों में ढेर सारी विकास योजनायें प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद और गोविंदपुर अंचल में कई सरकारी ज़मीनों का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने सरकारी भूमियों पर हो रहे अवैध कब्जों पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त और एसएसपी प्रभात कुमार ने धनबाद सदर अंचल तथा गोविंदपुर अंचल अंतर्गत 8 लेन के पास और बीबीएमकेयू यूनिवर्सिटी के समीप सरकारी प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए चिन्हित जमीनों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अवैध कब्जा पाया गया।

उपायुक्त ने इसे सरकारी संपत्ति का उल्लंघन बताते हुए अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे मापी करवाकर अतिक्रमणकारियों को नोटिस करें।

विकास कार्यों के लिए भूमि सुरक्षित करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं से मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है ताकि इन जमीनों का उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जनहितकारी योजनाओं के लिए किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन सार्वजनिक संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि सभी अंचलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में एक इंच भी सरकारी भूमि अतिक्रमित न हो।

मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, धनबाद के अंचलाधिकारी राम प्रवेश और गोविंदपुर के अंचलाधिकारी गोविंदपुर धर्मेंद्र दुबे मौजूद रहें।