दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर झारखंड कांग्रेस ने जतायी खुशी, कांग्रेस ने की भारत रत्न देने की मांग

Dishom Guru Shibu Soren: झारखंड आंदोलन के नायक, पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान प्रदान किए जाने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बिनय सिन्हा ने खुशी जाहिर की है।

उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।

बिनय सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन जी का संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के संघर्ष को समर्पित रहा।

झारखंड राज्य के निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है।

उन्होंने सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो संघर्ष किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि पद्म भूषण सम्मान निश्चित रूप से उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और योगदान का सम्मान है, लेकिन झारखंड आंदोलन तथा देश के आदिवासी समाज के लिए उनके असाधारण योगदान को देखते हुए यह सम्मान और भी ऊंचा होना चाहिए।

बिनय सिन्हा ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाना चाहिए।

यह सम्मान न केवल उनके संघर्षों और उपलब्धियों का सम्मान होगा, बल्कि देश के आदिवासी समाज और झारखंड की अस्मिता का भी सम्मान होगा।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का प्रतीक है तथा राष्ट्र उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।