Jharkhand T20 Cricket League: आईपीएल की तर्ज पर झारखंड में चल रहे टी-20 क्रिकेट लीग को पहला विजेता मिल गया।
झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के पहले संस्करण में छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को हराकर खिताब जीत लिया।
जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गये फाइनल मुकाबले में छोटानागपुर ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।
हर्ष राणा ने बचायी जमशेदपुर स्टीलर्स की इज्जत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरूआत बेहद धमाकेदार रही।
पारी के पहले ही ओवर में राहुल रजक की गेंदबाजी पर कुमार करण ने तहलका मचा दिया।
मैच के पहले ही ओवर में करण ने राहुल की गेंदों की पिटाई करते हुए 26 रन बनाये।
हालांकि इसके बाद गेंदबाजों ने खेल को अपने नियंत्रण में ले लिया।
सलामी बल्लेबाज करण 28 और कप्तान देवव्रत 39 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।
इस दौरान विकेट गिरने का सिलसिला नियमित अंतराल पर जारी रहा।
एक समय 11.5 ओवर में 90 रनों के कुल योग पर 5 विकेट गिर चुके थे।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हर्ष राणा ने मोर्चा संभाला और महज 26 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से तूफानी 64 रन बनाये।
निर्धारित 20 ओवर में जमशेदपुर स्टीलर्स ने 8 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाये।
छोटानागपुर रॉयल्स की तरफ से चंदन मुखी, सुप्रियो चक्रवर्ती, दुर्गेश कुमार, विकास सिंह और राहुल रजक ने 1-1 विकेट चटकाये।
कुमार कुशाग्र ने गेंदबाजों को किया पस्त
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की शुरूआत खराब रही।
ऑरेंज कैप होल्डर कप्तान विराट सिंह महज 1 रन बनाकर अमन का शिकार बने।
हालांकि इसके बाद नाजिम सिद्दीकी और कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला।
दोनों ने 6.4 ओवर में स्कोर को 59 तक पहुंचाया।
नाजिम सिद्दीकी 38 रन बनाकर सेंगर की गेंद पर रघुवंशी द्वारा लपके गये।
इसके बाद उतरे हिमांशु द्विवेदी और कुमार कुशाग्र ने गेंदबाजों की पिटायी करते हुए जीत की पटकथा लिख दी।
दोनों ने 9.1 ओवर में 110 रन जोड़कर मैच छोटानागपुर रॉयल्स के पक्ष में कर लिया।
हिमांशु ने 33 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 51 रन बनाये।
वहीं कुमार कुशाग्र ने नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिला दी।
कुशाग्र ने 39 गेंदों पर 3 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 78 रनों की पारी खेली।
16 गेंदे शेष रहते ही 3 विकेट के नुकसान पर छोटानागपुर ने 184 रन बना लिये।
जमशेदपुर स्टीलर्स की तरफ से अमन कुमार ने 2 विकेट झटके, जबकि अनुराग सेंगर को 1 विकेट मिला।
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच- कुमार कुशाग्र
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट- विराट सिंह
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीरीज- प्रत्युष कुमार (12 विकेट)
पर्पल कैप विजेता- प्रतीक रंजन (17 विकेट)
ऑरेंज कैप विजेता- विराट सिंह (395 रन)
सर्वाधिक चौका- विराट सिंह
सर्वाधिक छक्का- उत्कर्ष सिंह
सर्वश्रेष्ठ कैच- रॉबिन मिंज
