FIH Pro League India Vs Pakistan: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने करोड़ों प्रशंसकों को शानदार जीत का तोहफा दिया।
FIH हॉकी प्रो लीग के रोमांचक मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 4-3 से हराकर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी।
दो साल बाद दोनों देशों के बीच हुए इस मुकाबले में पिछड़ने के बाद भारत ने शानदार वापसी की।
पहले क्वार्टर में पाकिस्तान ने बनायी बढ़त
मैच में दोनों टीमों ने आक्रामक शुरूआत की।
पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अहमद नदीम ने पाकिस्तान को 1-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर के बाद भारत हुआ हावी
पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर से ज़बरदस्त खेल दिखाया।
दिलप्रीत सिंह ने गोल पोस्ट पर निशाना साधा लेकिन गेंद गोलकीपर से टकराकर वापस लौटी।
यहां पर अभिषेक ने कोई गलती नहीं की और गोल दागकर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
इसके तुरंत बाद नीलकांत शर्मा ने गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
नीलकांत का यह अंतरराष्ट्रीय करियर का 19वां गोल था।
हाफ टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर स्कोर 3-1 से भारत के पक्ष में कर दिया।
चौथे क्वार्टर की शुरूआत में राजिंदर सिंह ने गोल दागकर भारत की बढ़त 4-1 कर दी।
हालांकि इसके बाद पाकिस्तान ने पलटवार करते हुए 2 गोल दागे।
अबू बकर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया।
इसके बाद एक और गोल दागकर स्कोर को 4-3 पर ला खड़ा किया।
हालांकि इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर खेल दिखाया और अंत तक स्कोर 4-3 ही रहा।
पिछले दस वर्षों में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपना दबदबा लगातार बनाए रखा है।
ओलंपिक दिवस के अवसर पर मिली इस जीत ने देशभर के हॉकी प्रेमियों में उत्साह की नई लहर पैदा कर दी है।
हॉकी झारखंड सहित पूरे देश के खेल प्रेमियों ने भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी।
