India against England in Lord’s Test: भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने की दहलीज पर खड़ी है।
भारतीय टीम को जीत दर्ज करने के लिए सिर्फ 4 विकेट की जरूरत है।
टेस्ट में ऐतिहासिक जीत से 4 विकेट दूर टीम इंडिया
457 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के 6 बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके हैं।
एक समय ऐसा लगने लगा था कि तीसरे दिन ही मैच खत्म हो जायेगा।
लेकिन एमी जोन्स और मैडी विलियर्स ने लंबी साझेदारी कर इसे टाल दिया।
हालांकि स्नेह राणा की गेंद पर विलियर्स के आउट होते ही यह जोड़ी टूट गयी।
इससे पहले 457 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रिटिश बल्लेबाजों की शुरूआत बेहद खराब रही।
सयाली, क्रांति गौड़ और स्नेह राणा के सामने बल्लेबाज सरेंडर करते नज़र आये।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 130 रन पर 6 विकेट गंवा दिये हैं।
अब भी उसे जीत के लिए 327 रनों की ज़रूरत है, जबकि भारत को सिर्फ 4 विकेट की दरकार है।
तीसरे दिन यास्तिका भाटिया ने शतक ठोंका
तीसरे दिन की शुरूआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही।
स्मृति मंधाना (70) और जेमिमा रोड्रिग्स (3) जल्द ही आउट होकर पैवेलियन लौट गयीं।
हरमनप्रीत कौर (16) और दीप्ति शर्मा (10) रन बनाकर आउट हो गये।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं ऋचा घोष ने एक छोर पर टिकीं यास्तिका भाटिया के साथ शानदार साझेदारी की।
यास्तिका भाटिया ने 158 गेंदों पर 14 चौकों के साथ 113 रनों की पारी खेली।
वहीं ऋचा घोष ने 52 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ नाबाद 50 र बनाये।
इंग्लैंड की तरफ से स्पिन गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन ने 5 विकेट लिये जबकि लॉरेन बेल ने 2 विकेट चटकाये।
भारत ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 341 रन बनाकर घोषित कर दी।
यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में शतक बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं।
दूसरी पारी में यास्तिका ने अच्छी साझेदारियां भी की।
स्मृति मंधाना के साथ उन्होंने 73 रनों की साझेदारी की वहीं दीप्ति शर्मा के साथ 52 रन जोड़े।
