Youth Hockey Asian Championship: भारतीय महिला हॉकी टीम ने यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान को 10-0 के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की।
चीन के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए यह साबित कर दिया कि वह खिताब की प्रबल दावेदार है।
झारखंड की संदीपा कुमारी का शानदार खेल
भारत की जीत की नायिका झारखंड की संदीपा कुमारी रहीं, जिन्हें इस प्रतियोगिता में तीसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संदीपा ने मैच में दो शानदार गोल दागे और पूरे मुकाबले में मिडफील्ड से टीम की कमान संभाली।
नाज़ नौशीन की हैट्रिक से उज्बेकिस्तान पस्त
भारतीय आक्रमण की अगुआई नाज़ नौशीन ने की, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर उज्बेकिस्तान की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा झारखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, पुष्पा मांझी और खिली कुमारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
गोल करने वालों में श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, स्वीटी कुजूर, किरण एक्का और दीया शामिल हैं जिन्होंने 1-1 गोल किया, जबकि संदीपा कुमारी ने 2 और नाज़ नौशीन ने 3 गोल दागे।
भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मैच में उज्बेकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया।
टीम का यह प्रदर्शन आगामी मुकाबलों के लिए भी आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है।
विशेष रूप से झारखंड की खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन राज्य के लिए गर्व की बात है।
भारतीय टीम अब इसी लय को बरकरार रखते हुए चैंपियनशिप में खिताब जीतने के इरादे से आगे बढ़ेगी।
