डूरंड कप 2026 का शानदार आगाज़, जमशेदपुर एफसी ने डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से रौंदा, रेयनियर फर्नांडिस की हैट्रिक

Durand Cup 2026: 135वें डूरंड कप का आगाज़ झारखंड की राजधानी रांची में शानदार अंदाज में हुआ।

मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर्स एफसी को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से करारी शिकस्त दी।

इस शानदार जीत के नायक रहे रेयनियर फर्नांडिस, जिन्होंने बेहतरीन हैट्रिक लगाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

मैच में पूरी तरह हावी रहा जमशेदपुर एफसी

मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया।

रेयनियर फर्नांडिस ने चौथे मिनट में पहला गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई और दो मिनट बाद ही छठे मिनट में दूसरा गोल दागकर डिफेंडर्स एफसी पर दबाव बढ़ा दिया।

इसके बाद अमन सी.के. ने 23वें मिनट में तीसरा गोल कर बढ़त को और मजबूत किया।

पहले हाफ के 39वें मिनट में देवेंद्र धाकू मुर्गाओकर ने चौथा गोल दागा।

मैच के 82वें मिनट में रेयनियर फर्नांडिस ने अपना तीसरा और टीम का पांचवां गोल कर हैट्रिक पूरी की तथा जमशेदपुर एफसी को 5-0 की शानदार जीत दिलाई।

रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुई प्रतियोगिता की शुरूआत

इससे पहले उद्घाटन समारोह ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

सेना की ताकत और अनुशासन के साथ झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

पारंपरिक लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सैन्य बैंड ने पूरे स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान आसमान में हेलिकॉप्टर और छोटे विमानों ने रोमांचक हवाई करतब दिखाए।

जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों और कलाकारों का स्वागत किया।

रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का लगभग हर कोना दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था।

बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने पहुंचे और पूरे मैच के दौरान शानदार माहौल बनाए रखा।

डूरंड कप के पहले ही मुकाबले ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार टूर्नामेंट बेहद रोमांचक होने वाला है।

जमशेदपुर एफसी ने अपनी दमदार जीत के साथ खिताब की दावेदारी भी मजबूती से पेश कर दी है।