नेपाल में स्वर्णिम सफलता के बाद रांची रेलवे स्टेशन पर मिक्स बॉक्सिंग खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

Mixed boxing athletes: नेपाल में संपन्न हुए तीसरे वर्ल्ड मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में परचम लहराकर खिलाड़ी घर वापस लौटे।

स्वर्ण पदक जीतकर लौटे झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के खिलाड़ियों का रांची रेलवे स्टेशन पर भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया।

खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा मिठाई खिलाकर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की गयी।

सम्मानित खिलाड़ियों में अंश कुमार सिंह, तेजस्वी कुमार और रौनिका राशी के साथ टीम की कोच अनीशा कुमारी भी शामिल थीं।

नेपाल के काठमांडू में आयोजित 3rd World Mix Boxing Championship 2026 में झारखंड के तीनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए और भारत तथा झारखंड का गौरव बढ़ाया।

इन खिलाड़ियों ने पिछले कई वर्षों से झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद इबरार कुरैशी के मार्गदर्शन में निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक के कुशल मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।

स्वागत समारोह में मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद इबरार कुरैशी, शिवदत्त लोहरा, कंचन कुमारी सिंह, राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।