सिमडेगा जिला स्तरीय सब जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन, सैंकड़ों खिलाड़ियों ने किया अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन

Simdega Athletics: सिमडेगा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरूवार को ठेठईटांगर प्रखंड के जोराम खेल मैदान में जिला स्तरीय सब जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया।

इसमें जिले के विभिन्न प्रखडों से अंडर-14 एवं अंडर-16 एथलीटों ने भाग लिया।

ठेठाटांगर प्रखंड के प्रमुख बिपिन पंकज मिंज और हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने झंडा दिखाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

विजेता खिलाड़ियों को खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बिपिन पंकज मिंज ने कहा कि सिमडेगा जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन हमारे प्रखंड की धरती पर कराया गया है, जिसके लिए जिला एथलेटिक्स संघ को आभार।

इस तरह जिला स्तर की प्रतियोगिताओं को प्रखंड स्तर पर करने से विभिन्न प्रखंडों की प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ेगा।

आने वाले दिनों में भी आप लोग इसी तरह यहां आयोजन करें, हमारा पूर्ण सहयोग रहेगा।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि सिमडेगा जिले में एथलेटिक्स के बहुत सारे प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, उन्हें मंच देने की जरूरत है।

इसके लिए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन बेहतर कार्य कर रहा है, इससे निश्चित रूप से खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि पहले भी जिन खिलाड़ियों को यहां से चयनित कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा है, वे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य के लिए पदक भी जीत रहे हैं।

उनमें से कई खिलाड़ी आज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं।

विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा मौका

जिला एथलेटिक्स संघ की अध्यक्ष एडलीन केरकेट्टा ने कहा कि अब हमारी कमेटी पूर्ण रूप से काम करने वाले लोगों के साथ जुड़ चुकी है।

अब किसी भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पूर्व इसी प्रकार जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा और इसमें से बेहतर खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी दिलाई जाएगी।

इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ की अध्यक्ष एडलीन केरकेट्टा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहदेव मांझी, उर्मिला सोरेंग, जगरनाथ भोक्ता, कोषाध्यक्ष विजय लकड़ा,कुनुल भेंगरा, NIS कोच प्रतिभा कुमारी, सियोन टोपनो, फ्रांसिस खेस, डीटीओ आदित्य कुमार,  समीर टोपनो, रवि प्रधान और बलबीर प्रधान ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियगिता में अंडर-16 में 12 स्वर्ण,12 रजत और 12 कांस्य तथा अंडर-14 में 8 स्वर्ण, 8 रजत और 8 कांस्य पदक विजेता रहे।

प्रतियोगिता में शामिल सभी पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक के साथ मेरिट सर्टिफ्रकेट और भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पार्टिसिपेट प्रमाण पत्र दिया गया।

इस प्रतियोगिता के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।